रायबरेली में चढ़ा राजनीतिक पारा, आएंगे शाह और योगी
सात दिनों के भीतर रायबरेली में आ चुके हैं कई वरिष्ठ नेता, सोनिया गांधी के बाद 21 को आएंगे भाजपा के दिग्गज
रायबरेली (रसिक द्विवेदी)। गर्मी पूरे रौ में है। पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम के इस तीखे मिजाज से उप्र के रायबरेली जिले की राजनीति भी कदमताल करने लगी है। यानि सियासत का पारा भी सरपट दौड़ रहा है।14 अप्रैल को केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी जिले में आई। फिर दो दिन पहले पड़ोसी जिले अमेठी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपने तीन दिवसीय दौरे पर आए। वह अब रायबरेली में हैं।
मंगलवार शाम वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी भी अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंच गई हैं। अब 21 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की भी सूचना आ गई है। ऐसे में लगता है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष ने 2019 के लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने के स्थान का चयन कर लिया है। दोनों के केंद्र बिंदु में अमेठी-रायबरेली ही है।
कांग्रेस को अपना गढ़ बचाने की चिंता है तो भाजपा की हर कोशिश इसे ढहाने की होगी। यहां गांधी परिवार के निकटस्थ लोगों में से एक एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह ने अपने भाई अवधेश प्रताप सिंह के माध्यम से बीते सप्ताह एक पत्र सोशल मीडिया में वायरल कराया। इसमें कहा गया था कि पंचवटी (दिनेश प्रताप सिंह का आवास) अब अमेठी की नहीं रही। इस चिट्ठी ने यह जाहिर कर दिया कि कांग्रेस अपने गढ़ में ही कुछ लोगों को खो रही है।
कांग्रेस छोड़ने वाले ये लोग किधर जा रहे हैं। इस पर पंचवटी परिवार ने शुरुआती दिनों में पर्दा डाले रखा। लेकिन 'जागरण' ने 12 अप्रैल के अंक में 'भगवा होगी पंचवटी, भव्य आयोजन में थामेंगे झंडा' शीर्षक से सबकुछ स्पष्ट कर दिया था। इस पूरे घटनाक्रम पर सांसद प्रतिनिधि की नजरें थीं। पूरे घटनाक्रम को पढ़ने के बाद रायबरेली में नेताओं की दौड़-भाग तेज हो गई है। बताया जाता है कि 21 अप्रैल को उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा सहित प्रदेश के कई बड़े राजनेता मौजूद रहेंगे।
जीआइसी में होगी जनसभा
शहर के बस अड्डे के पास स्थित जीआइसी मैदान में 21 अप्रैल को जनसभा होगी। इसका आयोजन पंचवटी परिवार कर रहा है। इसी जलसे में एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह आदि अपने समर्थकों संग भाजपा में शामिल होंगे। जनसभा को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संबोधित करेंगे।