प्रणब मुखर्जी को देश सेवा के लिए 'भारत रत्न' उचित सम्मान: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को दिया गया भारत रत्न उनकी देश सेवा के लिए उचित सम्मान है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को दिया गया 'भारत रत्न' उनकी देश सेवा के लिए उचित सम्मान है।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'भारत को और अधिक विकसित बनाने की दिशा में हर संभव कोशिश करने के लिए आपको धन्यवाद.. आपको भारत रत्न पाते हुए देखना सम्मान की बात है। यह देशहित में किए गए आपके हर संभव काम का उचित सम्मान है।'
मुखर्जी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' प्रदान किया था। यह सम्मान विख्यात असमिया गायक भूपेन हजारिका व आरएसएस नेता नानाजी देशमुख को भी प्रदान किया गया।
एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा, 'हजारिका सार्वभौमिक रूप से स्वीकार किए गए सांस्कृति दूत हैं। उनका श्रेष्ठ कार्य लोगों की आत्मा और भावनाओं में समा जाते हैं। भारत रत्न (मरणोपरांत) भारतीय संस्कृति और संगीत में दिए गए उनके योगदान की अभिव्यक्ति है।'
पीएम ने ट्वीट किया, 'भारत महान नानाजी देशमुख को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। उन्होंने भारतीय गांव की प्रगति और ग्रामीण आबादी को सशक्त करने के लिए कई कार्य किए। मुझे खुशी है कि उन्हें भारत रत्न (मरणोपरांत) से नवाजा गया।'
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप