बंगाल के 78 हजार बूथों पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से होगा पीएम मोदी के ‘पूजोर शुभेच्छा’ कार्यक्रम का प्रसारण
कल पीएम मोदी बंगाल में दुर्गापूजा पंडाल का करेंगे उद्घाटन और करेंगे संबोधित। दस पूजा पंडालों में भी उनके संबोधन का होना है प्रसारण। भाजपा ने राज्य की सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की हैं। बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दुर्गापूजा के मौके को जनसंपर्क के लिए एक तरफ जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हथियार बना रखा है तो वहीं दूसरी ओर भाजपा भी पीछे नहीं रहना चाहती। इसीलिए बंगाल भाजपा इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैदान में उतारने की तैयारी पूरी कर ली है। गुरुवार को बंगाल के लोगों के लिए दुर्गा पूजा के अवसर पीएम मोदी एक विशेष शुभकामना संदेश जारी करेंगे, जिसके सीधे प्रसारण के लिए भाजपा ने राज्य की सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की हैं।
प्रत्येक केंद्र पर 25 से अधिक कार्यकर्ता उचित दूरी का पालन करें
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से गुरुवार की दोपहर 12 बजे राज्य में दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत के मौके पर लोगों को ‘पूजोर शुभेच्छा’ (पूजा की शुभकामनाएं) कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री संदेश देंगे। प्रदेश भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य के 78,000 मतदान केंद्रों में प्रत्येक केंद्र पर 25 से अधिक कार्यकर्ता या समर्थक उचित दूरी का पालन करते हुए इस कार्यक्रम को देखेंगे और सुनेंगे। पार्टी ने इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की है।
पूर्व क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के तहत कोलकाता स्थित पूर्व क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। सुबह 10 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। राज्य भाजपा ने इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है। बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
सत्ताधारी के खिलाफ भाजपा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी
सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ राज्य में भाजपा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी है। भाजपा को भरोसा है कि वह अगले चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 सालों के शासन का अंत करेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी जबकि तृणमूल कांग्रेस को 22 सीटों पर विजय हासिल हुई थी।