भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई को लेकर दिलीप घोष ने साधा निशाना
भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में टीएमसी कैडर की तरह काम कर रही पुलिस। दिलीप घोष ने भाजपा नेताओं पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की भी आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की घटना के अगले दिन शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पुलिस सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कैडर की तरह काम कर रही है। घोष ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'पुलिस यहां तृणमूल कांग्रेस कैडर की तरह काम कर रही है। यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा से डरी हुई है और इसलिए पुलिस का इस्तेमाल अपने कैडर के रूप में कर रही है।'
उन्होंने राज्य सचिवालय नवान्न चलो अभियान में शामिल होने को लेकर कई भाजपा नेताओं पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की भी आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने हालांकि कहा कि पहले भी हमारे नेताओं व कार्यकर्ताओं पर हजारों झूठे मुकदमें दर्ज किए गए हैं और इसको भी हम कानूनी रूप से लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, सांसद लॉकेट चटर्जी व अर्जुन सिंह, राकेश सिंह, भारती घोष और जयप्रकाश मजूमदार के खिलाफ कानून का उल्लंघन करने को लेकर मामला दर्ज किया।
गौरतलब है कि भाजपा की युवा इकाई भाजयुमो द्वारा गुरुवार को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत सात सूत्री मुद्दों को लेकर नवान्न चलो अभियान निकाला गया था जिसको राज्य सरकार ने अनुमति नहीं दी थी। कई जगहों से निकली भाजपा की रैली को रोकने को लेकर पुलिस के साथ जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान पुलिस ने बेरहमी से भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया एवं आंसू गैस व वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। भाजपा का दावा है कि इसमें उसके 1500 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए।