सतह पर कांग्रेस की कलह, अजय माकन बोले- जब संदीप दीक्षित नहीं लड़ रहे चुनाव तो मैं क्यों
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा लेकिन इस फैसले को लेकर कांग्रेस में फूट की खबर आ रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा, लेकिन इस फैसले को लेकर कांग्रेस में फूट की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि AAP से गठबंधन पर कांग्रेस में अंदरूनी कलह पैदा हो गई है। इतना ही नहीं, बताया तो यहां तक जा रहा है कि बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्य़क्ष शीला दीक्षित (Sheila Dikshit) और अजय माकन भिड़ गए।
सूत्रों के मुताबिक, AAP से कांग्रेस का गठबंधन नहीं होने पर शीला से पूछा गया कि क्यों नहीं संदीप दीक्षित चुनाव लड़ रहे हैं, इस पर कोई जवाब नहीं मिला। उलटा जब यही सवाल अजय माकन से पूछा गया कि वे क्यों नहीं लोकसभा चुनाव लड़ रहे तो अजय माकन ने कहा कि जब संदीप चुनाव नहीं लड़ रहे तो वे क्यों लड़ें?
यहां पर बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 को जहां कांग्रेस अलग-अलग राज्यों में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के साथ गठबंधन करने में जुटी है, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई, जिसमें तय हुआ है कि कांग्रेस दिल्ली में AAP के साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ेगी।
राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस गठबंधन नहीं करेगी। शीला ने कहा कि हमने राहुलजी को बताया कि AAP के साथ गठबंधन नहीं करना चाहिए. इस पर उन्होंने सहमति व्यक्त कर दी है।
कुमार विश्वास ने उड़ाया अरविंद केजरीवाल का मजाक
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित द्वारा AAP के साथ गठबंधन से इनकार करने के बाद कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें पहले केजरीवाल कह रहे हैं- 'मुझे बच्चों की कसम है...न बीजेपी से गठबंधन करेंगे और न ही कांग्रेस से'। वहीं, वीडियो के अगले हिस्से में केजरीवाल कांग्रेस से गठबंधन के मुद्दे पर कहते सुनाई दे रहे हैं, ''हम लालायित थे, लेकिन उन्होंने लगभग मना कर दिया है'। इतना ही नहीं, कुमार विश्वास ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है- 'तो उन्होंने लगभग मना कर दिया जी...।'
यहां पर बता दें कि मंगलवार सुबह मीडिया में इस तरह की खबर आई थी कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो गया है। इसके तहत दिल्ली में लोकसभा की सात सीटों में से तीन-तीन पर दोनों पार्टियां अपने उम्मीदवार उतारेंगी, जबकि एक सीट शत्रुघ्न सिन्हा या यशवंत सिन्हा को दी जाएगी। दोपहर होते-होते दिल्ली की राजनीति 370 डिग्री घूम गई और राहुल गांधी से मिलने के बाद शीला दीक्षित ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी से किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व गठबंधन के लिए तैयार था, लेकिन पार्टी की दिल्ली ईकाई इसके पक्ष में नहीं थी। यही वजह है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बीच में आना पड़ा। बावजूद इसके गठबंधन को लेकर शीला दीक्षित की चली और उन्होंने राहुल गांधी को इस बात के लिए मना लिया कि गठबंधन नहीं करने से कांग्रेस को फायदा होगा।
दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण खबरें पढ़ें यहां, बस एक क्लिक पर