Move to Jagran APP

सीएम योगी ने प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- नतीजा फिर भी जीरो रहेगा

सीएम योगी ने कहा कि प्रियंका गांधी को लाकर कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वह एक परिवार की पार्टी है। प्रियंका पहले भी कांग्रेस में थीं। 2014 में भी वह प्रचार कर रहीं थीं।

By JP YadavEdited By: Published: Fri, 25 Jan 2019 02:55 PM (IST)Updated: Fri, 25 Jan 2019 03:46 PM (IST)
सीएम योगी ने प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- नतीजा फिर भी जीरो रहेगा
सीएम योगी ने प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- नतीजा फिर भी जीरो रहेगा

नोएडा, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (Noida Metro Rail Corporation) की एक्वा लाइन मेट्रो का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पर जमकर तंज किया। दैनिक जागरण संवाददाता से विशेष बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि प्रियंका गांधी को लाकर कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वह एक परिवार की पार्टी है। प्रियंका पहले भी कांग्रेस में थीं। 2014 में भी वह प्रचार कर रहीं थीं। नतीजा फिर भी शून्य ही था। अब भी शून्य ही रहना है।

loksabha election banner

मुलायम, अखिलेश और मायावती को नोएडा के मिथक के बहाने घेरा
उद्घाटन से पहले अपने संबोधन में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सूबे के पूर्व मुख्यमंत्रियों मुलायम सिंह यादव, मायावती और खासकर अखिलेश यादव को भी घेरा। उन्होंने कहा कि पहले वर्तमान सीएम कुर्सी गंवाने के डर से नोएडा नहीं आते थे। उनकी कुर्सी से आस्था थी, भगवान से नहीं। आगे भी नोएडा आता रहूंगा। हम कोई भ्रांति प्रदेश में नहीं रहने देंगे।

बन रही डीपीआर, मेरठ, कानपुर और आगरा में भी चलेगी मेट्रो

इस मौके पर योगी ने कहा कि कुछ दिनों के बाद गाजियाबाद में भी मेट्रो का लोकार्पण होगा। इसके साथ उन्होंने कहा कि आगरा, मेरठ और कानपुर म़े मेट्रो के लिए संशोधित डीपीआर बनाया जा रहा है। केंद्र को भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।

अपने संबोधन में पूर्व की सरकारों पर तंज कसते हुए कि मेट्रो अटल बिहारी वाजपेयी जी लेकर आए और फिर नरेंद्र मोदी जी ने विस्तार दिया। मेट्रो हम सबको 50 साल आगे तक विकास कराएगा। वर्तमान में 36 लाख लोग प्रतिदिन दिल्ली मेट्रो में सफर कर रहे। मेट्रो न होती तो दिल्ली का क्या होता? दिल्ली सरकार के नकारात्मक रुख से मेरठ से दिल्ली कॉरिडोर नहीं बन पा रहा है। 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्र की सत्ता में आने के बाद से अब देश में व्यापक परिवर्तन आया है।  हमारी सरकार ने गांव में 11 लाख आवास दिए और 2.60 करोड़ प्रदेश में शौचालय बनाया गया है। प्रदेश में जाति, धर्म और क्षेत्र को देखकर विकास नहीं किया गया। पहले तुष्टिकरण की राजनीति होती थी। विकास में भी यही हाल था। हमारी सरकार आने पर 94 लाख परिवार को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया गया है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में लाखों निवेशकों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बिल्डर और निवेशकों की समस्या का समाधान किया है और आगे भी होगा।

एक्वा लाइन मेट्रो का होगा विस्तार
नोएडा मेट्रो नेटवर्क को नॉलेज पार्क पांच तक विस्तार होगा, जिससे ग्रेनो वेस्ट की दो लाख जनता को फायदा मिलेगा। ऐसा होने से ज्यादा से ज्यादा लोगों को मेट्रो में सफर का लाभ मिलेगा।

हम प्रदेश में निवेश का माहौल बना चुके हैं। निवेश बढ़ रहा है। बाढ़ सागर परियोजना 1972 का प्रोजेक्ट था। 1978 में मुरारजी देशाई ने शिलान्यास किया था और 2017 तक काम चलता रहा। हमने एक साथ पैसा दिया। जिसका नतीजा यह है कि जुलाई 2018 में इसका रिकॉर्ड समय में पूरा करा उद्घाटन करा दिया गया। एक लाख सत्तर हजार किसान को लाभ मिल रहा। यह काम चालीस साल से लटका था।  अपने संबोधन में योगी ने जेवर के किसानों का धन्यवाद किया कि उन्होंने एयरपोर्ट में सकारात्मक सहयोग दिया है। साथ ही कहा कि मेट्रो की तरह जेवर एयरपोर्ट भी एक समयसीमा में पूरा होगा। 

वहीं, एक्वा लाइन के उद्घाटन के मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रिकॉर्ड टाइम में एक्वा लाइन का निर्माण हुआ है। यूपी से राज्यसभा सदस्य हूं। एक्वा लाइन के उद्घाटन से जिले को फायदा होगा। योगी के राज में प्रधानमंत्री की योजनाएं तेजी से चलीं। अखिलेश राज में 20460 प्रधानमंत्री आवास दिए, लेकिन योगी ने 866477 आवास अब तक दिए। यूपी में न्यू इंडिया की संभावना तेजी से बढ़ी है।

कार्यक्रम में मौजूद डा. महेश शर्मा ने कहा कि अपराध मुक्त होने से जिले में निवेश बढ़ा है। पिछले पंद्रह साल से कुशासन था। पिछली सरकारें बिल्डरों का शहर बसा रहीं थीं, अब औद्योगिक विकास हो रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.