तस्वीरेंः दिल्ली में अमित शाह ने चलाया डोर टू डोर कैंपेन, CAA के बारे में लोगों को किया जागरूक
Citizenship Amendment Act केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रविवार को जागरुकता अभियान चलाया।
नई दिल्ली,एएनआइ/ जेएनएन। Citizenship Amendment Act: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रविवार को दिल्ली में जागरुकता अभियान चलाया। पार्टी नेताओं के साथ अमित शाह ने घर- घर जाकर लोगों को सीएए के बारे में बताया।
इस मौके पर अमित शाह ने अमर कॉलोनी में अफगानिस्तान से आए सिख शरणार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से बातचीत भी की।
इसके अलावा अमित शाह ने लाजपत नगर में भी नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जागरुकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को पंपलेट बांटकर सीएए के बारे में जानकारी दी।
वहीं भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में गाजियाबाद पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
उधऱ, केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में फरीदाबाद पहुंचे। सेक्टर-8 के निवासियों को उन्होंने सीएए के बारे में बताया।
उधर, गुरुग्राम में केंद्रीय कपड़ा और महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता राष्ट्र विरोधी तत्वों के साथ खड़े हैं। जो पाकिस्तानी हुकूमत के सुर में सुर मिला रहे हैं। जोकि अति निंदनीय और गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर विपक्ष लोगों को भ्रमित करने का कार्य कर रहा है। यह किसी को नागरिता से वंचित करने का कानून नहीं है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि इस कानून से पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में प्रताड़ित हुए हिंदुओं, सिखों, ईसाईयों, बौद्ध, जैन एवं पारसी धर्म के लोगों को नागरिकता दी जाएगी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी तत्वों व सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले गुंडों के साथ खड़ी है। कांग्रेस हिंदू और सिख विरोधी तो थी अब वह ईसाई, बौद्ध, जैन व पारसी धर्म के वालों के खिलाफ भी खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ननकाना साहिब की घटना से यह सिद्ध हो गया है कि सीएए कितना जरूरी है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यह बातें रविवार को गुरुग्राम के सिविल लाइंस स्थित लोकनिर्माण विभाग के विश्राम गृह में सीएए को लेकर भाजपा के जनगारण अभियान को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
ये भी पढ़ेंः Delhi Assembly Election 2020- एप बताएगा बूथ पर कतार में हैं कितने मतदाता