SP नेता अनिल यादव और कांग्रेस प्रवक्ता पंखुड़ी ने की शादी, पहली पत्नी लगा चुकी है गंभीर आरोप
समाजवादी पार्टी के नेता अनिल यादव और कांग्रेस की प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक ने दिल्ली में एक सादे समारोह में शादी कर ली।
नई दिल्ली/नोएडा, जागरण संवाददाता। कांग्रेस पार्टी की नेता पंखुड़ी पाठक और समाजवादी पार्टी के नेता अनिल यादव की आखिरकार रविवार को दिल्ली में शादी हो ही गई। यह शादी इसलिए विवादों में रही, क्योंकि अनिल यादव की पूर्व पत्नी ने पिछले दिनों नोएडा में पत्रकार वार्ता कर अपने पूर्व पति पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इसके बाद विवाद के चलते ही यह शादी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रही।
मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान रविवार रात को समाजवादी के पूर्व प्रवक्ता अनिल यादव ने कांग्रेस की नेता पंखुड़ी पाठक के साथ सादे समारोह में शादी की। इस दौरान सीमित संख्या में मेहमान मौजूद रहे। बावजूद इसके समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ अन्य दलों के कुछ नेताओं ने भी शादी समारोह में शिरकत पर वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
विवादों में रही शादी
अनिल यादव और पंखुड़ी पाठक की रविवार को हुई शादी विवादों में आ गई है। दरअसल, अनिल यादव की पहली पत्नी ने पिछले दिनों पत्रकार वार्ता करके पूर्व पति पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। पीड़िता का कहना था कि उनके साथ अनिल यादव ने 14 महीने तक दरिंदगी की। बंधक बनाकर यौन शोषण किया है। बता दें कि अनिल यादव का पूर्व पत्नी से तलाक हो चुका है। अनिल यादव का पांच साल का बेटा भी है।
मूलरूप से नोएडा के नवादा गांव के रहने वाले हैं अनिल यादव
बता दें कि अनिल यादव दिल्ली से सटे नोएडा के गांव नवादा के रहने वाले हैं। अनिल यादव समाजवादी के प्रवक्ता रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी पंखुड़ी पाठक फिलहाल कांग्रेस की नेता हैं और पूर्व में वह समाजवादी की प्रवक्ता भी रह चुकी हैं।
अखिलेश और डिंपल की करीबी रह चुकी हैं पंखुड़ी
गौरतलब है कि पंखुड़ी पाठक पूर्व में समाजवादी पार्टी में रहने के साथ पार्टी की प्रवक्ता भी रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय मुखिया अखिलेश यादव की करीबी भी रह चुकी हैं।
यह भी बता दें कि अनिल यादव पर लगे आरोपों के बाद पंखुड़ी पाठक ने ट्ववीट किया है- 'सत्य वह सूरज है जिसे फ़रेब के बादल ढक सकते हैं लेकिन बुझा नहीं सकते।'