केजरीवाल-अखिलेश ने की फोन पर बात, मुद्दा रहा- 23 के बाद क्या होंगे हालात!
लोकसभा चुनाव के बाद अब परिणाम की बारी है। 23 मई के बाद राजनीतिक हालात में होने वाले बदलाव को लेकर गहमा-गहमी जारी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। 23 मई को आने वाले लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर राजनीतिक उथल-पुथल जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (AAP) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत की। बताया जा रहा है कि यह वार्ता चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद की रणनीति तय करने के लिए की गई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ APP नेता संजय सिंह ने रिपोर्टरों को बताया कि दोनों प्रमुखों ने फोन पर वार्ता की।
बता दें कि लखनऊ में संजय सिंह ने भी सपा प्रमुख से मुलाकात कर देश में आने वाले राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की थी। AAP नेता ने आगे बताया कि दोनों प्रमुखों के बीच वार्ता का मुख्य मुद्दा भाजपा को सरकार बनाने से रोकना था।
इससे पहले 17 मई को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी केजरीवाल से मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, नायडू और केजरीवाल के बीच चुनाव परिणाम के बाद के हालात, उस वक्त दोनों पार्टियों (तेदेपा और आप) की भूमिका आदि पर चर्चा हुई। हालांकि AAP ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और AAP के वरिष्ठ नेता संजय सिंह भी इस दौरान मौजूद थे।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप