Happyness Classes: न्यूजीलैंड के स्कूलों में भी शुरू हो सकती हैं हैप्पीनेस की कक्षाएं
दिल्ली सरकार के विकास मॉडल की गूंज विदेशों में भी पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली सरकार के विकास मॉडल की गूंज विदेशों में भी पहुंच चुकी है। गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के विकास मॉडल की सराहना की। वह खासकर शिक्षा और स्वास्थ के क्षेत्र में हुए काम से प्रभावित थे। उन्होंने दिल्ली के शिक्षा मॉडल पर रुचि दिखाई। दिल्ली के स्कूलों में चल रहे हैप्पीनेस क्लास से विंस्टन पीटर्स बेहद प्रभावित दिखे। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली सरकार के साथ उच्च शिक्षा, व्यापार और उद्योग में मिलकर काम करने की सहमति जताई।
सीएम अरविंद केजरीवाल से मिले न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री
न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री वहां की संसद सदस्य प्रियांका राधाकृष्णन, पूर्व संसद सदस्य महेश बिद्रा, प्रधान सलाहकार ग्राहम मोशन, न्यूजीलैंड डिप्लोमेट माइकल एप्लीशन आदि के साथ दिल्ली सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और इनके मंत्रिमंडल के साथ बैठक की। उप प्रधानमंत्री विंस्टन पीटर्स ने इस दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली में पिछले पांच साल में हुए काम को विस्तार से जाना। उन्हें उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शिक्षा के क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलाव के बारे में बताया। सिसोदिया ने दिल्ली के स्कूलों में चल रहीं हैप्पीनेस कक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस पर उप प्रधानमंत्री ने बताया कि वह पहले स्कूल में शिक्षक रह चुके हैं। इस कारण शिक्षा के क्षेत्र में हुए इस अनोखे प्रयोग से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा प्रयोग न्यूजीलैंड के स्कूलों में कैसे लागू होगा, इस पर गंभीरता से विचार होगा।
दिल्ली में बड़े बदलाव की जानकारी ली
इसके बाद विंस्टन पीटर्स ने स्वास्थ्य व्यवस्था के बारे में खास कर मोहल्ला क्लीनिक, पॉलीक्लीनिक और सरकारी अस्पतालों में हुए बड़े बदलाव की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने ईज ऑफ डूईग बिजनेस पर विस्तार से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और टीम के साथ बात की। दिल्ली सरकार ने राजधानी के उच्च शिक्षण संस्थानों के बेहतरी के लिए न्यूजीलैंड के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई। विंस्टन पीटर्स ने कहा कि ईज आफ डूईग बिजनेस से भ्रष्टाचार कम किया जा सकता है। उन्होंने इस क्षेत्र में भी दिल्ली सरकार को सहयोग करने पर सहमति जताई। बता दें कि हैप्पीनेस कार्यक्रम को दो दिन पहले अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी देखने आई थीं।