Hyderabad Doctor Murder Case: हद हो गई! क्या कोई शर्म है या सब बेच खाई?
Hyderabad Doctor Murder Case तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या ने पूरे देश में गुस्से का माहौल कर दिया है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या ने पूरे देश में गुस्से का माहौल कर दिया है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में इस दरिंदगी के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद (Swati Jaihind, chief of Delhi commission for women) ने भी ट्वीट के जरिये अपने गुस्से का इजहार किया है।
स्वाति ने एक ट्वीट किया है- हद हो गयी ! क्या कोई शर्म है या सब बेच खाई? राज्य में महिला सुरक्षा व्यवस्था तो ठीक कर नहीं सकते ऊपर से इस घटना का दोष भी मृत पीड़िता पर डाल दिया। इस देश में न्याय पाना कितना ज़िल्लत का काम बन चुका है। पहले कुछ व्यक्ति एक महिला का दुष्कर्म करते हैं फिर पूरा सिस्टम दुष्कर्म करता है। छी!'
एक अन्य ट्वीट में स्वाति ने लिखा है- 'हैदराबाद के दर्दनाक रेप घटना से परेशान एक छात्रा ने जब अपनी आवाज़ उठानी चाही तो उसे हिरासत में लेकर दिल्ली पुलिस ने थाने में मारपीट की। थाने में लड़की से मिली। लड़की सहमी है, क्या आवाज़ उठाने वालों के साथ ये हश्र किया जाएगा? DCW नोटिस इशू कर रहा है इस शर्मनाक घटना पे! FIR करो!'
दरअसल, शनिवार को पार्लियामेंट के बाहर युवा प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान एक लड़की अनु दुबे के साथ दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने बदसलूकी की थी। सूचना पर महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद भी मौके पर पहुंची थीं और उन्हें देखते ही लड़की अनु दुबे रो पड़ी थी।
पुलिस के इस कृत्य के खिलाफ स्वाति ने एक और ट्वीट किया है- 'आज जब सारा देश हैदराबाद में हुई दुष्कर्म की दर्दनाक घटना से आक्रोश में है वहीं अगर एक छात्रा अपनी आवाज़ उठाने की और नेताओं को जगाने की कोशिश करती है तो क्या गलत है? ऐसे में लड़की को उठाकर थाने में मारते हैं। थाने में ताला लगाकर पुलिस अपनी कमज़ोरी का प्रमाण दे रही है! शर्मनाक!