सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनाना अंतिम विकल्प थाः भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को कहा कि सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनाना पार्टी के लिए अंतिम विकल्प था।
फरीदाबाद, जेएनएन। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को कहा कि सोनिया गांधी को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनाना पार्टी के लिए अंतिम विकल्प था। उन्होंने कहा कि 18 अगस्त को रोहतक में महा परिवर्तन रैली के मंच से हरियाणा में मनोहर सरकार को उखाड़ फेंकने का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। हुड्डा ने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनानी है तो सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होना पड़ेगा।
दरअसल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा फरीदाबाद में महा परिवर्तन रैली में भाग लेने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को निमंत्रण देने आये थे। एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन समान विचारधारा वाली पार्टियों से ही होगा। इनेलो से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इनेलो की विचारधारा कांग्रेस से अलग है।
इससे पहले जून में दैनिक जागरण से Exclusive interview में हुड्डा ने प्रदेश में गठबंधन की संभावनाओं से इनकार नहीं किया था। उन्होंने कहा था कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। गठबंधन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। कार्यकर्ता पूरी मजबूती से काम करेंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि मेरे बच्चे चौटाला साहब के बच्चों जैसे हैं और चौटाला साहब के बच्चे मेरे बच्चों जैसे हैं। रिश्तों को राजनीति की तराजू में नहीं तोला जाता। चौटाला से मेरे राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं मगर पारिवारिक मतभेद नहीं हैं।
दरअसल लोकसभा चुनाव के बाद इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा की तारीफ की थी। चौटाला का दीपेंद्र सिंह हुड्डा की हार पर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। चौटाला ने आश्चर्य जाहिर किया था कि नरम स्वभाव के दीपेंद्र सिंह हुड्डा को भी रोहतक में हार का सामना करना पड़ गया और ऐसा व्यक्ति जीत गया, जिसका रोहतक से कोई ताल्लुक नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप