कांग्रेस का भाजपा पर वार, सुभाष चोपड़ा ने कहा- 'देश में है आर्थिक अराजकता'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि देश अभूतपूर्व कृषि संकट से गुजर रहा है। कृषि सेक्टर की जीडीपी पहली तिमाही में दो प्रतिशत रह गई है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बवाना में कांग्रेस की ओर से आर्थिक मंदी व दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों के मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आयोजित जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि देश अभूतपूर्व कृषि संकट से गुजर रहा है। कृषि सेक्टर की जीडीपी पहली तिमाही में दो प्रतिशत रह गई है।
देश में आर्थिक अराजकता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में आर्थिक अराजकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केंद्र सरकार आरबीआइ इमरजेंसी रिजर्व फंड को भी खाली करने से नहीं चूक रही है। उन्होंने कहा कि अगस्त में आरबीआइ ने मोदी सरकार को 1,76,000 करोड़ रुपये दिए। अब तक सरकार आरबीआइ से 3,89,000 करोड़ रुपये ले चुकी है।
आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
इस अवसर पर आर्थिक मंदी व अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ जारी अधिसूचना के मामले में भाजपा व आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया गया। रैली की अध्यक्षता क्षेत्र के पूर्व विधायक व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने की।
40 लाख लोगों के साथ नहीं हो रहा न्याय
मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा व पूर्व विधायक जय किशन ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार ने दिल्ली के अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले 40 लाख लोगों के साथ भद्दा मजाक किया है और उनको मकान का मालिक मानने से भी इंकार कर दिया है। रैली में पूर्व पार्षद मेमवती, श्रद्धानंद सांगवान, जसबीर कराला, नरेश लाकड़ा, सुरेश त्रिपाठी मौजूद रहे।