condolence meeting of Arun Jaitley: दिल्ली में अरुण जेटली को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
राजधानी में मंगलवार को आयोजित अरुण जेटली की श्रद्धांजलि सभा में भाजपा और अन्य दलों के वरिष्ठ नेता और लोग पहुंचे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की याद में मंगलवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इनके साथ ही भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख रामलाल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेद्र प्रधान, रविशंकर प्रसाद, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, जदयू नेता केसी त्यागी, अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल व बीजद के पिनाकी मिश्रा समेत अन्य राजनीतिक हस्तियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा में जेटली के पुत्र रोहन जेटली ने रस्म पगड़ी में हिस्सा लिया। भजन गायक अनूप जलोटा ने भक्ति गीतों के साथ उनके मोक्ष की कामना की।
बाद में उपराष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए कहा कि जेटली का असामयिक निधन व्यक्तिगत जीवन में भी एक रिक्ति छोड़ गया है, जहां उनकी स्मृतियां ही बसती हैं। वह उत्कृष्ट सांसद, विद्वान विधिवेत्ता, प्रबुद्ध बुद्धिजीवी, कुशल प्रशासक तथा सत्यनिष्ठ राजनेता थे जिन्होंने मंत्री के रूप में सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों को कुशल मार्गदर्शन दिया। निस्वार्थ और समर्पित जनसेवा से अरुण जी भारत के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ गए जो लोगों को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
लंबी बीमारी के बाद हुआ था निधन
ज्ञात हो कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली (66) का लंबी बीमारी के बाद 24 अगस्त 2019 को नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। पिछले कई हफ्तों से उनका इलाज चल रहा था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बिहार में लगेगी अरुण जेटली की प्रतिमा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया है कि अरुण जेटली की प्रतिमा बिहार में लगाई जाएगी। हर साल उनका जन्मदिवस हर साल राजकीय समारोह के तौर पर मनाया जाएगा। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने जो प्रेरणा दी है, उससे सदैव उनके प्रति मन में श्रद्धा बनी रहेगी। जेटली की बिहार में प्रतिमा लगाई जाएगी और उनके जन्मदिवस को हर साल राजकीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा।