बिहार के JDU नेता के बेटे ने पिता की महिला मित्र पर लगाया गंभीर आरोप, पुलिस से की शिकायत
जनता दल यूनाइटेड (Janta Dal United) से राज्यसभा सदस्य डॉ. महेंद्र प्रसाद के बेटे रंजीत का कहना है कि पिता की महिला मित्र ने उन्हें बंधक बना रखा है और मिलने नहीं दे रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। जनता दल यूनाइटेड (Janta Dal United) से राज्यसभा सदस्य डॉ. महेंद्र प्रसाद के व्यवसायी बेटे रंजीत शर्मा ने दक्षिणी जिले स्थित फतेहपुर बेरी थाने में शिकायत दी है। इसमें उन्होंने पिता की सहयोगी महिला पर मां से मिलने न देने व उन्हें गायब करने का आरोप लगाया है।
अपनी शिकायत को लेकर रंजीत शर्मा ने बताया कि उनकी 80 वर्षीय मां सतुला देवी को उनके पिता की महिला सहयोगी ने डेरा गांव, फतेहपुर बेरी स्थित फार्महाउस में बंधक बना रखा है। यह फार्महाउस उनके पिता का है।
उन्होंने बताया कि रविवार को वह मां से मिलने व गन लाइसेंस लेने फार्महाउस गए थे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया गया। इस पर उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के दरवाजा खटखटाने पर फार्महाउस से दो युवक बाहर निकले। उन्होंने पुलिस वालों से फोन पर किसी की बात कराई। इसके बाद पुलिस बिना कार्रवाई के मौके से वापस लौट गई।
रंजीत ने आशंका जताई है कि उक्त महिला ने अब उनकी मां को उस फार्महाउस से कहीं और शिफ्ट कर दिया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
बिहार से राज्यसभा सदस्य महेंद्र प्रसाद चार हजार करोड़ से अधिक संपत्ति के मालिक हैं। इसके अलावा उनके देश-विदेश में आठ सौ से अधिक बैंक खाते हैं। ये सभी जानकारी उन्होंने राज्यसभा में नामांकन करने के दौरान दिए गए शपथ पत्र में दी थीं। उन्होंने अपने शपथ पत्र में संपत्ति की जो जानकारी दी थी। उसके अनुसार उनकी चल संपत्ति 4,010.21 और अचल संपत्ति 29.1 करोड़ है।
महेंद्र प्रसाद दो फार्मा कंपनी भी चलाते हैं, एक मप्रा लेबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और दूसरी अरिस्टो फार्मास्यूटिकल्स। इन कंपनियों से उनकी आय की राशि 2,239 करोड़ है जो एसबीआइ में जमा है।
वे 1980 में पहली बार जहानाबाद लोकसभा से कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीत कर संसद पहुंचे, लेकिन दूसरी बार 1984 में आम चुनाव हार गए। कांग्रेस ने 1985 में उन्हें राज्यसभा में फिर से जीत दिलाई और तब से ही वे उच्च सदन में कांग्रेस, आरजेडी और जेडीयू से चुनाव जीतते रहे हैं।
Weather Update Delhi & NCR: यहां पढ़िए अगले कुछ दिनों के मौसम का सबसे ताजा अपडेट
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप