पढ़िए- BJP के किस बड़े नेता ने कहा- 'खिचड़ी की भांप से बेहोश हो रहे केजरीवाल और राहुल'
भीम महासंगम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित भीम महासंगम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि समाज को बांटने वालों की बुद्धि ठीक करने व सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ है। तीन लाख अनुसूचित जाति परिवारों से एक मुट्ठी चावल व आधी मुट्ठी दाल इकट्ठी करके समरसता खिचड़ी बनाई गई है। लोगों के दिए अनाज से हमलोग खिचड़ी बना रहे हैं, लेकिन केजरीवाल व राहुल इसकी भांप से बेहोश हो रहे हैं। हमने सबको बुलाया था, यदि आते तो उनमें भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता।
आंबेडकर और मोदी की विचारधारी एक जैसी : राम लाल
कांग्रेस व AAP सहित अन्य पार्टियों को उन्होंने दलित विरोधी बताया तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व नरेंद्र मोदी सरकार को अनुसूचित जाति का हितैषी और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को सम्मान देने वाला बताया।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा एक जैसी है। आंबेडकर सभी वर्गो के हितैषी थे। उन्होंने सभी को साथ लेकर आंदोलन किया था, वहीं मोदी 'सबका साथ सबका विकास' को मंत्र बनाकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तमाम पार्टियां बाबा साहब के नाम पर सियासत तो करती हैं, लेकिन उन्हें सम्मान नहीं देती हैं। कांग्रेस हो, अरविंद केजरीवाल या फिर ममता बनर्जी या फिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) किसी ने उन्हें सम्मान नहीं दिया। जबकि, भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारें उन्हें सम्मान दे रही हैं। उनसे जुड़े स्थलों को केंद्र सरकार ने पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। गरीबी हटाओ का नारा देकर गरीबों को गुमराह करने वाले अब कर्ज माफी पर सियासत कर रहे हैं। इसके विपरीत मोदी देश से गरीबी दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने देश पर इतने वर्षों तक राज्य किया, लेकिन उसने इस दौरान अनुसूचित जाति के नाम पर सिर्फ सियासत की, उनकी गरीबी दूर करने के लिए कुछ नहीं किया।
केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत ने कहा कि बाबा साहब के विचारों से प्रेरित होकर भाजपा देश में समरसता कायम करने के लिए काम कर रही है। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने गरीबों के हित में अंत्योदय व अन्य योजनाएं शुरू की थी। मोदी सरकार भी गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए काम कर रही है। सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की है। भाषण खत्म होने के बाद नेताओं ने कार्यकर्ताओं को समरसता खिचड़ी परोसी और खुद भी उनके साथ बैठकर खाया। सभी ने भाजपा को जिताने और नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया।