राव इंद्रजीत के बाद भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह भी उतरे मंत्री ओमप्रकाश यादव के समर्थन में
मंत्री ओम प्रकाश यादव के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे को लेकर धर्मबीर सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल फिलहाल उपचाराधीन हैं और उनके स्वस्थ होते ही इस मुद्दे पर बात करेंगे।
महेंद्रगढ़ [बलवान शर्मा]। गुड़गांव के सांसद राव इंद्रजीत सिंह के बाद अब हरियाणा सरकार में मंत्री ओमप्रकाश यादव (Minister Omprakash Yadav) के समर्थन में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौ. धर्मबीर सिंह (BJP MP Dharambir Singh) भी उतर आए हैं। मंत्री ओम प्रकाश यादव के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे को लेकर धर्मबीर सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल फिलहाल उपचाराधीन हैं और उनके स्वस्थ होते ही मंत्री पर दर्ज मुकदमे को लेकर बात करेंगे।
भाजपा सांसद ने कहा कि अधिकारियों का काम होता है सरकार की नीतियों का क्रियान्वयन करना। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार आम जनमानस को भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिए वचनबद्ध है, इसलिए अधिकारियों को आम जनमानस की भावनाओं पर सरकार की नीतियों अनुसार खरा उतरना चाहिए।
भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधि का दायित्व बनता है कि वह अपनी प्रजा कि रक्षा करे। जब महेन्द्रगढ़ में पुलिस की कार्यप्रणाली लोगों की रक्षा करने में विफल साबित हो रही थीं तो यहां के मंत्री का फर्ज था कि वह लोगों के जानमाल की रक्षा करने के लिए कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि मंत्री ओमप्रकाश यादव ने इस दिशा में कदम उठाकर कोई गलत कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्ट अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। मनोहर लाल सरकार की पहली प्राथमिकता सुशासन है।
धर्मबीर ने अपने बयान में साफ-साफ कहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल अभी कोरोना बीमारी को लेकर अस्पताल में उपचाराधीन हैं। जैसे ही मुख्यमंत्री स्वस्थ होंगे, उनसे मिलकर प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव पर दर्ज झुठे मुकदमे को लेकर बात करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि उनके प्रदेश में किसी तरह का भ्रष्टाचार न हो। भाजपा सरकार में भ्रष्टï व नाकारा अधिकारियों के लिए कोई जगह नहीं है।
फोटो कैप्सन:भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौ. धर्मबीर सिंह को फाईल फोटो
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो