Himachal BJP President: सांसद सुरेश कश्यप हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष नियुक्त, चर्चा में ही रह गए दिग्गजों के नाम
Himachal BJP President भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने सांसद सुरेश कश्यप को हिमाचल प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
शिमला, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने सांसद सुरेश कश्यप को हिमाचल प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सुरेश कश्यप शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद व सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष पद के लिए महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, विधायक राकेश जम्वाल, वरिष्ठ नेता प्रवीण शर्मा व राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी के नाम चर्चा में थे। लेकिन भाजपा हाईकमान ने एक बार फिर से सबको चौंकाने वाला फैसला लिया है। इससे पहले भी भाजपा ने चौकाने वाला फैसला लेते हुए डाॅ. राजीव बिंदल को अध्यक्ष बनाया था, जबकि राजीव बिंदल हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष पद पर तैनात थे और तब भी किसी को उम्मीद नहीं थी कि उनका नाम आगे आ सकता है।
पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल के इस्तीफे के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था। राजीव बिंदल ने स्वास्थ्य विभाग के कथित घोटाले में उनका नाम घसीटे जाने पर इस्तीफा दे दिया था। 27 मई को भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल के त्यागपत्र देने के बाद से ये पद लगातार खाली था। इस दौरान भाजपा के कई दिग्गजों के नामों पर चर्चा की गई, लेकिन पार्टी ने चौंकाते हुए नए नाम पर सहमति बनाई।
सुरेश कश्यप को हिमाचल भाजपा की कमान सौंप कर भाजपा ने सिरमौर जिले को ही फिर से कमान सौंपी है। डाॅ. बिंदल भी सिरमौर जिला के नाहन से हैं। ऐसे में सिरमौर से लेकर शिमला संसदीय क्षेत्र को होने वाली नाराजगी को पार्टी ने उठने से पहले ही खत्म कर दिया है।
सुरेश कश्यप विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता गंगूराम मुसाफिर को हराने के बाद विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का टिकट मिलने पर चुनाव लड़ा और वह सांसद बन गए। सुरेश कश्यप ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से हराया था। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह ने सुरेश कश्यप को हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष बनाने का पत्र जारी कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मंजूरी के बाद यह पत्र जारी किया है।
इंदु गोस्वामी को भेज दिए थे बधाई संदेश
राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी को कुछ वरिष्ठ नेताओं ने अध्यक्ष बनने के बधाई संदेश तक भेज दिए थे, जो सोशल मीडिया में काफी चर्चा का विषय बना था। लेकिन पार्टी हाईकमान ने इस पर रुख स्पष्ट कर दिया था व वरिष्ठ नेता ने भी अपना ट्वीट हटा दिया था। अब एकाएक सुरेश कश्यप को अध्यक्ष पद की कुर्सी मिलने का ऐलान हो गया है।
यह भी पढ़ें: LIVE Himachal Coronavirus Update: पुलिस जवान और भाजपा नेता सहित सात कोरोना संक्रमित
यह भी पढ़ें: शहीद पिता को मुखाग्नि देते वक्त 12 साल के बेटे ने खाई थी देशसेवा की कसम, आज ले रहे दुश्मन से लोहा