मंदिर तोड़कर गुबंद बनाने से नहीं बनती मस्जिद : वसीम रिजवी
शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा, 'श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में सिर्फ मंदिर ही बनना चाहिए। वहां मस्जिद का कोई स्थान नहीं है।'
इलाहाबाद (ब्यूरो)। शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन व इंडियन शिया अवामी लीग के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का समर्थन किया है। उन्होंने कहा,'श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में सिर्फ मंदिर ही बनना चाहिए। वहां मस्जिद का कोई स्थान नहीं है। मैंने कोर्ट में भी यह बात रखी है।' वे गुरुवार को इंडियन शिया अवामी लीग की वेबसाइट का शुभारंभ करने मठ बाघंबरी गद्दी आए थे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि वेबसाइट का शुभारंभ कर उसके पहले सदस्य बने।
इस मौके पर वसीम ने कहा कि मंदिर को तोड़कर गुंबद बनाने से कोई इमारत मस्जिद नहीं बन जाती। यह इस्लाम के नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मुगल शासकों ने हिंदुओं के ऊपर अत्याचार कर जजिया टैक्स लगाकर उन्हें इस्लाम अपनाने पर मजबूर किया था।
उन्होंने कहा कि शिया शासकों ने कभी हिंदुओं पर कोई अत्याचार नहीं किया, बल्कि उन्हें हमेशा सम्मान दिया था। हम इंडियन शिया अवामी लीग के जरिए उसी परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। वे बोले कि इस वेबसाइट के जरिए देश-विदेश के हिंदू व शिया मुस्लिमों को जोड़कर श्रीराम मंदिर, मदरसों का आधुनिकीकरण, आतंकवाद के खात्मे की मुहिम चलाएंगे।