ममता बनर्जी ने कहा- पुरी की तरह दीघा में बनेगा जगन्नाथ मंदिर, बड़ी संख्या में लोगों को मिलेगा रोजगार
ममता बनर्जी ने मंगलवार को दीघा को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बनाने की घोषणा की और कहा कि यहां पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तरह मंदिर बनाया जाएगा।
हल्दिया, संवाद सूत्र। तृणमूल प्रमुख व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दीघा को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बनाने की घोषणा की और कहा कि यहां पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तरह मंदिर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस दिन पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत दीघा में शंकरपुर-दीघा विकास प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया और एक मंदिर में पूजा करने पहुंचीं।
सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि दीघा में पिछले कुछ सालों के अंदर काफी विकास हुआ है। सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। यही वजह है कि यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले कुछ सालों में बढ़ी है। दूसरे राज्यों से भी लोग यहां आ रहे हैं। लोग जगन्नाथ मंदिर के दर्शन को पुरी जाते हैं, दीघा में भी जगन्नाथ मंदिर बनाया जाएगा।
यही नहीं दीघा में मेरिना ब्रिज भी बनाया जाएगा जो करीब सात किलोमीटर लंबा होगा। इस पुल पर सौंदर्यीकरण के तमाम संसाधनों के साथ ही सर्वधर्म सद् भाव के प्रतीक के तौर पर उपासना स्थल बनाए जाएंगे जिसमें मंदिर, मस्जिद और गिरिजाघर आदि होंगे। इसके माध्यम से लोगों में सकारात्मक भावना का संचार होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी, सांसद शिशिर अधिकारी, दिव्येंदु अधिकारी व अन्य उपस्थित थे।
पर्यटन विकास से सुधरेगी लोगों की माली हालत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मेदिनीपुर जिला तटीय क्षेत्र है। हल्दिया, दीघा और शंकरपुर का और विकास संभव है, क्योंकि यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, वहीं ताजपुर में नया बंदरगाह बन सकता है। हम इस दिशा में प्रयासरत हैं। यदि हमारी कोशिशें सफल रही तो इसके माध्यम से बड़ी संख्या में बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। धान, पान, मत्स्य और पर्यटन पर निर्भर लोगों की माली हालत सुधरेगी।
सुमुद्र किनारे घंटे भर की चहलकदमी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीन दिवसीय दौरे पर पूर्व मेदिनीपुर आई हुई हैं। मंगलवार को तड़के उन्होंने समुद्र के किनारे चहलकदमी की और कुछ देर बाद अपने कमरे में चली गईं। हालांकि करीब एक घंटे तक समुद्र किनारे टहलने की किसी को भनक तक नहीं लग पाई। कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने दीदी के बोलो अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया।