Move to Jagran APP

भाजपा ने ममता बनर्जी पर लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप, हमले के दिखाए वीडियो

बाबुल सुप्रियो ने आरोप लगाया कि राज्य का पूरा प्रशासन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर होने वाले हिंसक हमलों की एफआइआर तक नहीं लिखी जा रही है।

By Tilak RajEdited By: Published: Thu, 05 Apr 2018 08:53 PM (IST)Updated: Thu, 05 Apr 2018 08:53 PM (IST)
भाजपा ने ममता बनर्जी पर लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप, हमले के दिखाए वीडियो
भाजपा ने ममता बनर्जी पर लगाया लोकतंत्र की हत्या का आरोप, हमले के दिखाए वीडियो

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पंचायत चुनाव के पहले अपने कार्यकर्ताओं पर बढ़ते हमले के खिलाफ भाजपा ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने ममता बनर्जी पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में मानवता के खिलाफ हो रहे अपराधों की जानकारी देने के लिए वे जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगे।

loksabha election banner

केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और एस.एस. अहलुवालिया के साथ राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली व स्वप्नदास गुप्ता ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में मानवता के खिलाफ अपराध हो रहा है। वह चाहे दंगे हों या चुनाव से पूर्व की हिंसा। विरोधियों के खिलाफ हिंसा के माध्यम लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र को खत्म करने का संगठित प्रयास करार दिया। भाजपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल में अपने कार्यकर्ताओं पर हो रहे हिंसक हमलों के कई वीडियो क्लिप्स भी दिखाये। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में नामांकन दाखिल करने से रोकने के लिए ममता बनर्जी और टीएमसी की ओर से सुनियोजित षडयंत्र के तहत डर का माहौल तैयार किया जा रहा है।

बाबुल सुप्रियो ने आरोप लगाया कि राज्य का पूरा प्रशासन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर होने वाले हिंसक हमलों की एफआइआर तक नहीं लिखी जा रही है। प्रशासन पूरे मामले को दबाने और भाजपा कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करने में लगा हुआ है। जो कुछ भी बंगाल में हो रहा है वह मानवता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा के खिलाफ हम राजघाट पर धरना देंगे और शुक्रवार को संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में आम आदमी विरोध और शिकायत करने का अपना मौलिक अधिकार खो चुका है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि जो कार्यकर्ता पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करना चाहते हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उनकी हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा ममता बनर्जी ने तृणमूल कार्यकर्ताओं कुल सीटों में से 50 पर निर्विरोध जीत हासिल करने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव मई के पहले सप्ताह में तीन चरणों में होंगे और मतगणना आठ मई को होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.