यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महाराष्ट्र में सस्पेंस बरकरार, टल सकती है भाजपा विधायक दल की बैठक; एनसीपी नेता ने कहा- 'शपथग्रहण की सूचना नहीं'
महाराष्ट्र में चुनावी नतीजों के बाद अब हाई सियासी ड्रामा जारी है। एक ओर मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस जारी ...और पढ़ें

HighLights
- 2 दिसंबर को होनी थी भाजपा विधायक दल की बैठक।
- 5 दिसंबर को मंत्री भी शपथ लेंगे या नहीं, इस पर फिलहाल निर्णय नहीं।
पीटीआई, मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार का शपथग्रहण 5 दिसंबर को होगा, लेकिन उस दिन सिर्फ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे या मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी, इसका फैसला महायुति के घटक दल एक साथ बैठकर करेंगे। गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए यह बात कही।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को बताया था कि नई महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर की शाम को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें शामिल होंगे। हालांकि अभी तक इस बात की घोषणा नहीं की गई है कि मुख्यमंत्री कौन होगा, लेकिन भाजपा सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि देवेंद्र फडणवीस, जो दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और पिछली एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री थे, इस पद के लिए सबसे आगे हैं।
शिवसेना-एनसीपी ने घोषित किया अपना नेता
महायुति के सहयोगी शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने पहले ही एकनाथ शिंदे और अजित पवार को क्रमशः अपने विधायक दल का नेता घोषित कर दिया है। हालांकि, महायुति के सबसे बड़े घटक दल भाजपा ने अभी तक अपने विधायक दल के नेता का नाम घोषित नहीं किया है। राकांपा प्रमुख अजित पवार ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा से होगा, जबकि दो सहयोगी दलों - उनकी पार्टी और शिवसेना - से उपमुख्यमंत्री होंगे। पवार पिछली सरकार में उपमुख्यमंत्री थे।
रविवार को पीटीआई से बात करते हुए, महाराष्ट्र राकांपा प्रमुख सुनील तटकरे ने कहा कि यह घोषणा की गई है कि शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को होगा। रायगढ़ से लोकसभा सदस्य ने कहा, 'लेकिन भाजपा विधायक दल के नेता की नियुक्ति अभी तक नहीं की गई है। हम एक साथ बैठकर तय करेंगे कि क्या केवल मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे या मंत्री भी शपथ लेंगे।'
टल सकती है विधायक दल की बैठक
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि शनिवार को यह निर्णय लिया गया था कि 2 दिसंबर को दोपहर 1 बजे विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। नाम न बताने की शर्त पर नेता ने कहा, 'लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि बैठक 3 या 4 दिसंबर तक के लिए स्थगित हो सकती है।' संपर्क किए जाने पर, वरिष्ठ एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा कि वह नासिक में हैं और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह के बारे में सूचित नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा, 'हमारे नेता अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने हमें कोई जानकारी नहीं दी है।' इधर, बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, जो सतारा जिले में अपने पैतृक गांव में बीमार हो गए थे, ठीक हो रहे हैं और रविवार शाम को मुंबई लौट आएंगे। शनिवार को शिंदे को तेज बुखार होने के बाद डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की। शिवसेना नेता शुक्रवार को सतारा जिले में अपने पैतृक गांव दरे के लिए रवाना हुए, इस बीच अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह नई राज्य सरकार के गठन के तरीके से खुश नहीं हैं।
