बागी विधायक इमरती देवी बोलीं, हम परिस्थिति में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ हुं
मध्य प्रदेश के एक अन्य विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
भोपाल, एएनआइ। बागी कांग्रेस विधायक इमरती देवी ने कहा है कि हम ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया हमारे नेता हैं और उन्होंने हमें बहुत कुछ सिखाया है। मैं हमेशा उनके साथ हुं।
मध्य प्रदेश के एक अन्य विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने हमारी बात सुनने के लिए कभी 15 मिनट का भी समय नहीं दिया है। तो हमें अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के बारे में किससे बात करनी चाहिए?
बता दें कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने सीएम कमलनाथ की सिफारिश पर 6 मंत्रियों को राज्य मंत्रिमंडल से निकाल दिया था। इनमें इमरती देवी, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह सिसौदिया, परद्युम्न सिंह तोमर और डॉ. प्रभुराम चौधरी शामिल हैं। ये सभी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं, जिन्होंने हाल ही में कांग्रेस का साथ छोड़ भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया है।
इस्तीफा नहीं किया गया स्वीकार
इन मंत्रियों समेत 19 विधायकों ने मध्य प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा था लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया गया है। वहीं प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने इस्तीफा देने वाले सभी विधायकों को नोटिस जारी कर उनके सामने पेश होने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष ने बेंगलुरु में मौजूद कांग्रेस के 11 विधायकों को नोटिस दिए हैं। सबसे पहले छह मंत्रियों को नोटिस दिए गए । सभी को 13 तारीख तक जवाब देना था।