Move to Jagran APP

West Bengal Assembly Election 2021: मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र बोले, ममता दीदी के कारण व्हीलचेयर पर पूरा बंगाल

West Bengal Assembly Election 2021 ममता बनर्जी के व्हील चेयर पर चुनाव प्रचार से उनके पक्ष में सहानुभूति होने के बाबत नरोत्तम मिश्र ने कहा कि बंगाल की जनता चुनावी जादू को समझ रही है। दस साल में ममता दीदी ने पूरे बंगाल को व्हीलचेयर पर ला दिया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sun, 14 Mar 2021 09:00 PM (IST)Updated: Sun, 14 Mar 2021 09:00 PM (IST)
West Bengal Assembly Election 2021: मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र बोले, ममता दीदी के कारण व्हीलचेयर पर पूरा बंगाल
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र बोले, ममता दीदी के कारण व्हीलचेयर पर पूरा बंगाल। फाइल फोटो

दुर्गापुर, अश्विनी रघुवंशी। West Bengal Assembly Election 2021: मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र बंगाल के राढ़ बंग इलाके में भाजपा के पर्यवेक्षक हैं। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम में ममता दीदी चोटिल हो गई। पूरे बंगाल में ममता दीदी को लगी चोट के लिए विरोधियों को दोषी ठहराया जा रहा है। कहा गया कि चार पांच लोग आए और चोट देकर निकल गए। दीदी को जेड प्लस की सुरक्षा है। नंदीग्राम में स्थानीय पुलिस भी थी। तृणमूल समर्थक थे। उन्होंने तंज कसा कि दीदी को चोटिल के लिए क्या मिस्टर इंडिया आए थे, जो किसी को दिखाई नहीं दिए। मिस्टर इंडिया की जगह आम इंसान होते तो जरूर किसी न किसी को दिखते। कहा कि बचपन में बंगाल के जादू के बारे में सुना था। नंदीग्राम कांड के बाद सब दिख भी गया। ममता बनर्जी के व्हील चेयर पर चुनाव प्रचार से उनके पक्ष में सहानुभूति होने के बाबत उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता चुनावी जादू को समझ रही है। यह राजनीतिक पाखंड है। दस साल में ममता दीदी ने पूरे बंगाल को व्हीलचेयर पर ला दिया है। बंगाल को ठीक से चलाने के लिए लोग भाजपा का साथ देंगे।

loksabha election banner

नरोत्तम मिश्र शनिवार को भोपाल से आए। पुरुलिया में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले। सभा की। रविवार को बांकुड़ा जाने का कार्यक्रम रद कर दिल्ली की उड़ान भरी। दिल्ली जाने से पहले जागरण से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि बंगाल को गर्त में ले जाने वाले लोगों के खिलाफ सीबीआइ की कार्रवाई शुरू हुई तो तृणमूल के लोगों ने यह प्रचारित किया कि बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है। सुवेंदु अधिकारी, जीतेंद्र तिवारी, मुकुल राय जैसे कई बड़े चेहरे भाजपा में शामिल हुए तो नया दुष्प्रचार शुरू किया गया कि सीबीआइ का डर दिखा कर उन लोगों को भाजपा में शामिल कराया गया। सुवेंदु या जितेंद्र से पूछ लीजिए कि क्या उन्हें डराया गया था। उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि तृणमूल के संगठन में अभिषेक राज आने के बाद खफा लोग भाजपा में आए हैं। जयश्री राम बोलने से रोकने से नाराज तृणमूल नेताओं ने भाजपा का झंडा थामा है।

भाजपा राज आएगा तो बंद होगी गो तस्करी

नरोत्तम मिश्र ने कहा कि बंगाल गोतस्करी का प्रमुख केंद्र है। यहां से गोमाता को बांग्लादेश भेजा जाता है। यदि टीएमसी के नेता तस्करी के लिए मध्य प्रदेश की गायों को बंगाल लाने की बात करते हैं तो यह बिल्कुल झूठ है। मध्य प्रदेश के हर गांव में गोशाला है। यहां भाजपा सरकार बनेगी तो गोहत्या और गोतस्करी को बंद कराया जाएगा।

बंगाल में लव जिहाद के साथ लैंड जिहाद भी 

नरोत्तम मिश्र ने बताया कि बंगाल में लव जिहाद है और लैंड जिहाद भी। आसनसोल में उन्हें एक बिटिया मिली थी। खुद को हिंदू बता कर उससे प्रेम किया गया। शादी की गई। मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव डाला गया। नहीं मानी तो उसे छोड़ दिया। बंगाल में लव जिहाद रोकने के लिए कड़ा कानून बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि बर्द्धमान में खेती और आवासीय जमीन खरीद कर तृणमूल नेताओं ने उसकी प्रकृति व्यावसायिक कराई और उसे बेच दिया। लैंड जिहाद बंद करना होगा।

सिंगूर से टाटा को भगा बंगाल को किया कंगाल

नरोत्तम मिश्र ने कहा कि ममता दीदी ने ही सिंगूर से टाटा को भगाया था। इसके बाद कोई उद्योगपति बंगाल नहीं आया। जो कारखाने थे, वे बंद हो गए। इस सरकार ने बंगाल को कंगाल कर दिया। ममता राज में बेरोजगारी इतनी बढ़ गई कि पेट पालने के लिए बंगाल के लोग गुजरात गए। तस्वीर उलट गई। कोरोना काल में सारे देश ने बंगाल का यह कड़वा सच देखा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.