Jammu Kashmir: कश्मीर रवाना होने से पहले कांग्रेस प्रदेश प्रधान समेत दर्जनभर नेता नजरबंद
JKPCC chief G A Mir. कांग्रेस प्रदेश में सियासी गतिविधियों को तेज करने के लिए कश्मीर जाना चाहती थी। वहां उनका पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम था।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। JKPCC chief G A Mir. कश्मीर रवाना होने का प्रयास कर रहे जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस प्रधान जीए मीर समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मंगलवार सुबह उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया। मीर के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को जम्मू से ऊधमपुर, रामबन, डोडा होते हुए दक्षिण कश्मीर के लिए रवाना होना था। इसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद, रमण भल्ला समेत करीब एक दर्जन नेताओं का कश्मीर जाने का कार्यक्रम था। पार्टी ने इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। मंगलवार सुबह उनके रवाना होने से पूर्व ही पुलिस पहुंच गई और उन्हें बताया गया कि वे अपने घरों से बाहर नहीं जा सकते। अन्य नेताओं और यूथ कांग्रेस के नेताओं से कहा गया कि वे किसी तरह से विरोध प्रदर्शन का आयोजन न करें।
गौरतलब है कि पार्टी प्रदेश में सियासी गतिविधियों को तेज करने के लिए कश्मीर जाना चाहती थी। वहां उनका पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम था। अनुच्छेद 370 हटने के बाद कांग्रेस की कश्मीर में कोई सियासी गतिविधियां ठप हैं।
कांग्रेस का आरोप, विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने मंगलवार दोपहर पत्रकार वार्ता बुलाकर नेताओं को नजरबंद किए जाने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह कैसा लोकतंत्र है, जिसमें विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। हमने पार्टी के कार्यक्रम के संदर्भ में प्रशासन व पुलिस को सूचित किया था। पहले हमें अनुमति के संकेत मिले लेकिन अब नेताओं को नजरबंद कर दिया गया।
उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ कहा जा रहा है कि कश्मीर में हालात सामान्य है। राजनीतिक गतिविधियां आरंभ की जा रही हैं, लेकिन दूसरी तरफ नेताओं को फिर से हिरासत में ले लिया गया है। भाजपा को पूरे जम्मू कश्मीर में कार्यक्रम करने की अनुमति है लेकिन विपक्ष को नहीं। क्या यही लोकतंत्र है। पत्रकार वार्ता के दौरान ही कांग्रेस मुख्यालय में पुलिस पहुंच गई लेकिन कांग्रेस नेताओं को रोका नहीं गया। उन्होंने कहा कि बुधवार को पार्टी की बैठक में इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा।