Jharkhand Cabinet Expansion: हेमंत मंत्रिमंडल में शामिल हो रहे 8 मंत्री, देखें कौन है सबसे आगे
Jharkhand Cabinet Expansion अंतिम वक्त में 24 जनवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार टाल दिया गया था। तब राज्य में हुई हिंसात्मक घटनाओं को लेकर कैबिनेट विस्तार टालने की बात कही गई थी।
रांची, जेएनएन।Jharkhand Cabinet Expansion झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के एक माह बाद सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार, 28 जनवरी को अपने कैबिनेट का विस्तार कर रहे हैं। इसके लिए सोमवार को हेमंत राज्यपाल से मिलकर मंत्रियाें की सूची सौंपेंगे और राजभवन में शपथ ग्रहण कराने का आग्रह करेंगे। इससे पहले अंतिम वक्त में 24 जनवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार टाल दिया गया था। तब राज्य में हुई हिंसात्मक घटनाओं को लेकर कैबिनेट विस्तार टालने की बात कही गई थी। राजभवन के बिरसा मंडप में मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए सादे समारोह का आयोजन किया जाएगा।
झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत के बाद महागठबंधन के नेता के रूप में 29 दिसंबर, 2019 को हेमंत सोरेन ने सीएम पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के साथ तब तीन मंत्रियों ने शपथ ली, लेकिन एक माह बाद भी अब तक उनके विभागों का बंटवारा नहीं हुआ है। राज्य मंत्रि परिषद में सीएम समेत कुल 12 मंत्री बनाए जाने हैं। ऐसे में कांग्रेस कोटे से दो और राजद कोटे से एक विधायक मंत्री बनाए जा चुके हैं। जबकि अभी 8 विधायक अभी मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।
इस चुनाव में झामुमो के 30, कांग्रेस के 16 और राजद के एक विधायक मिलाकर महागठबंधन के खाते में 47 सीटें आई हैं। कैबिनेट में हिस्सेदारी की बात करें तो कांग्रेस को चार मंत्री पद दिए जा सकते हैं। आलमगीर आलम और रामेश्वर उरांव के मंत्री बनने के बाद अब कांग्रेस के दीपिका पांडेय सिंह और बन्ना गुप्ता मंत्री बनाए जा सकते हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से स्टीफन मरांडी, मथुरा महतो, जोबा मांझी, हाजी हुसैन और मिथिलेश ठाकुर के नाम मंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहे हैं।
ये विधायक बन सकते हैं मंत्री
कांग्रेस : दीपिका पांडेय सिंह, बन्ना गुप्ता
झामुमो : स्टीफन मरांडी, जोबा मांझी, मिथिलेश ठाकुर, मथुरा महतो, हाजी हुसैन अंसारी
29 दिसंबर को शपथ ले चुके हैं सीएम समेत चार मंत्री
- हेमंत सोरेन, झामुमो : मुख्यमंत्री
- आलमगीर आलम, कांग्रेस : मंत्री
- रामेश्वर उरांव, कांग्रेस : मंत्री
- सत्यानंद भोक्ता, राजद : मंत्री