Move to Jagran APP

बिहार में भाजपा ने दिखाई दरियादिली, राजग घटक दलों में हुआ सीटों का बंटवारा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान के साथ विचार-विमर्श के बाद यह घोषणा की गई।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sun, 23 Dec 2018 08:16 PM (IST)Updated: Sun, 23 Dec 2018 08:16 PM (IST)
बिहार में भाजपा ने दिखाई दरियादिली, राजग घटक दलों में हुआ सीटों का बंटवारा
बिहार में भाजपा ने दिखाई दरियादिली, राजग घटक दलों में हुआ सीटों का बंटवारा

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बिहार में राजग को मजबूत बनाने के लिए दरियादिली दिखाई है। बिहार में भाजपा और जनता दल यू बराबर- बराबर 17 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि तीसरा घटक दल लोकजनशक्ति पार्टी छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान को राज्यसभा की एक सीट दी गई है, जिससे वह संसद पहुंचेंगे।

loksabha election banner

संसदीय चुनाव से पूर्व घटक दलों की सीटों के बंटवारे की घोषणा भाजपा प्रमुख अमित शाह ने की। उन्होंने बिहार में पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले अधिक सीटें जीतने का विश्वास जताया। उन्होंने बताया कि बिहार में भाजपा 17 और जद यू 17 सीटों पर जबकि लोजपा छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Image result for bihar bjp ljp jdu

नीतीश और रामविलास के साथ विचार-विमर्श के बाद फैसला
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान के साथ विचार-विमर्श के बाद यह घोषणा की गई। शाह ने कहा कि राजग अपने वर्ष 2009 के अपने प्रदर्शन को दोहराएगा। इस मौके पर जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार और लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान भी उपस्थित थे।

फैसले का राजनीति पर दूरगामी असर 
भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में 22 सीटें जीती थीं। लेकिन इस बार जद यू के साथ चुनावी गठबंधन करने की वजह से भाजपा को जीती हुई सीटें भी छोड़नी पड़ रही हैं। माना जा रहा है कि भाजपा ने यह फैसला राजनीति के दूरगामी प्रभाव को देखते हुए किया है, जिसका व्यापक असर हो सकता है।

नीतिश ने फैसले पर खुशी जताई 
जद यू नेता नीतीश कुमार ने सीट बंटवारे पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए दावा किया कि उनका गठबंधन वर्ष 2009 के नतीजे को दुहरायेगा जब भाजपा-जद यू को बिहार की 40 सीटों में से 32 सीटें मिली थीं। बिहार में राजग ने राज्य की सभी 40 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है।

कुमार ने कहा 'हम बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण पर पूछे सवाल के जवाब में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह मुद्दा अदालत या बातचीत के रास्ते सुलझा लिया जाना चाहिए।'

Image result for bihar bjp ljp jdu

'गठबंधन की बड़ी जीत' 
लोजपा नेता राम विलास पासवान ने सीटों के बंटवारे पर संतोष जताते हुए कहा कि गठबंधन की बड़ी जीत होगी। पासवान ने गठबंधन को मजबूत बनाने में वित्त अरुण जेटली का आभार जताया। पासवान नौ बार निर्वाचित सांसद हैं। उन्होंने पार्टी की कमान अपने पुत्र चिराग पासवान के हाथों सौंप दी है।

उपेंद्र कुशवाह के राजग छोड़ने के बाद लोजपा के युवा नेता चिराग पासवान गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी को लेकर काफी आशंकित थे। वे भाजपा पर बिहार में अपनी सीटों की हिस्सेदारी को लेकर आक्रामक होने लगे थे। लेकिन लोजपा को साधने के लिए इस मसले को जल्दी ही सुलझा लिया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.