Hemant Soren Oath Ceremony: झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन, पीएम मोदी ने दी बधाई
<p>झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शपथ ली। राज्यपाल द्रौपदी मूर्म ने रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सीएम हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद के सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान मंच पर देश के तमाम दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। राहुल गांधी, ममता बनर्जी, स्टालिन, शरद यादव, सीताराम येचुरी, तरुण गोगोई, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल समेत कई भाजपा विरोधी चेहरे एकसाथ नजर आए। मुख्यमंत्री की ओर से राजभवन को तीन मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए सूची भेजी गई थी। समझा जा रहा है कि खरमास के बाद हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें सभी नामों पर फैसला होगा। फिलहाल कांग्रेस से पांच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से छह और राजद से एक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के फॉर्मूले पर महागठबंधन में सहमति बनी है। </p>
सीएम हेमंत सोरेन ने की कैबिनेट की बैठक
झारखंड के मुख्यमंत्री बनते ही सीएम हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की पहली बैठक की। इस दौरान कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। कैबिनेट की बैठक के लिए प्रोजेक्ट भवन पहुंचे हेमंत सोरेन का कर्मियों ने जोरदार स्वागत किया और जिंदाबाद के नारे लगाए। हेमंत ने सरकारी कर्मियों को संबोधित करते हुए जिंदाबाद के नारे लगाने से मना किया। कहा कि एक बार फिर से सभी को मिलकर काम करना है, नई गति से काम करना है। सभी अपनी क्षमता और योग्यता के अनुसार काम करें और झारखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं ताकि हम गौरव से कह सकें कि हम झारखंड के नागरिक, झारखंड के कर्मचारी हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के उपरांत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैबिनेट की बैठक में भाग लेने के लिए झारखंड मंत्रालय रवाना हुए। इस दौरान रांची के बिरसा चौक पर रुके और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद वे झारखंड मंत्रालय के लिए रवाना हो गए।
देशभर से आए अतिथियों ने सीएम हेमंत सोरेन को दी बधाई
शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन, रूपी सोरेन, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, शरद यादव, एमके स्टालिन, केसी वेणुगोपाल, आरपीएन सिंह, जीतन राम मांझी, रघुवर दास सहित देशभर से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई गणमान्य नेता, सभी नव निर्वाचित विधायक, सांसदगण अन्य आगंतुक शामिल हुए। सभी आगंतुकों ने शपथ ग्रहण के उपरांत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया झारखंड की जनता का आभार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम सभी को साथ चल कर झारखंड को नित नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी। राज्य में अमन, चैन, शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने की दिशा में नई सरकार सदैव कार्य करेगी।मुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए लोगों के प्रति आभार जताया और कहा कि आप इस समारोह के साक्षी बने यह राज्य के लिए बहुत ही गौरवशाली क्षण रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम हेमंत सोरेन को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई दी है। पीएम ने झारखंड के विकास के लिए मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। पीएम मोदी ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा-मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के लिए हेमंत सोरेन जी को बधाई। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि झारखंड के विकास के लिए केंद्र से हरसंभव मदद दी जाएगी।
राजभवन में हाई टी में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे। यहां वे हाई टी कार्यक्रम में शामिल हुए। नई सरकार के गठन के सम्मान में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन में एट होम कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें तीनों मंत्री भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने सिदो कान्हू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद मोरहाबादी स्थित बापू की प्रतिमा और सिदो कान्हू पार्क स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। सीएम ने उन्हें नमन किया। इस दौरान हेमंत सोरेन वहां मौजूद बच्चों से बड़े आत्मीयता से मिले। उनसे हाथ मिलाया और उनकी कुशलता जानी। सीएम ने वहां मौजूद लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाए।
शाम 5 बजे होगी मंत्रिपरिषद की बैठक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण के बाद शाम पांच बजे कैबिनेट की बैठक करेंगे। झारखंड मंत्रालय में प्रस्तावित बैठक में सीएम हेमंत सोरेन समेत तीन नए मंत्री भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि मंत्रिपरिषद की इस महत्वपूर्ण बैठक में अहम निर्णय लिए जा सकते है। बैठक के बाद कैबिनेट सचिव प्रेस को संबोधित करेंगे। इसमें वे कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देंगे।
रांची में पूरे रौ में नजर आए राहुल गांधी, विपक्ष ने दिखाई एकजुटता
रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सीपीआई के डी राजा, डीएमके के एमके स्टालिन, शरद यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सीपीआइ के अतुल अंजान, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राहुल गांधी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, उनकी पत्नी रूपी किस्कू सोरेन, राजद विधायक व मंत्री सत्यानन्द भोक्ता ने विपक्षी एकजुटता प्रदर्शित किया।
झारखंड में अस्तित्व में आई हेमंत सोरेन सरकार
झारखंड में एक बार फिर हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमोनीत महागठबंधन की सरकार अस्तित्व में आ गई है। हालांकि अभी इसमें मुख्यमंत्री के अलावे सिर्फ तीन मंत्री ही शामिल किए गए हैं। इन मंत्रियों में आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि हेमंत सोरेन ने इन मंत्रियों को शपथ दिलाकर जातिगत समीकरण भी साधने की पूरी कोशिश की है। अभी मंत्रिपरिषद में जिन जातियों को भागीदारी मिली है, उनमें आदिवासी, हरिजन और मुसलमान शामिल हैं।
राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह का समापन
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह का समापन हो गया है। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस दौरान भारत माता की जय, जय झारखंड के नारे के साथ रांची का मोरहाबादी मैदान गूंजायमान रहा। समरोह के समापन के बाद सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता ने राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू के साथ तस्वीरें खिंचवाई।
केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं हेमंत सरकार के मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव लोहरदगा से साल 2009 में सांसद बने। वे अनुसूचित जनजाति आयोग के चेयरमैन का भी पद संभाल चुके हैं। मनमोहन सिंह सरकार में डॉ. रामेश्वर उरांव कैबिनेट मंत्री भी रहे। ये वर्तमान में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी निभा रहे हैं। डॉ. रामेश्वर उरांव 14 फरवरी 1947 को पलामू के चियांकी में पैदा हुए। इन्होंने आइपीएस की नौकरी से वीआरएस लेकर राजनीति को अपनी जनसेवा का माध्यम बनाया। वे एक लोकप्रिय भारतीय राजनेता हैं। जो कांग्रेस पार्टी के विाायक के रूप में झारखंड में लोहरदगा के निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। रामेश्वर उरांव ने 1972 में राष्ट्रीय पुलिस सेवा में शामिल होने से पहले रांची विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। 7 अप्रैल, 2008 को रामेश्वर उरांव ने मनमोहन सिंह सरकार में आदिवासी मामलों के मंत्री के रूप में शपथ ली।
राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता ने ली मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिपरिषद में बतौर मंत्री राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता ने शपथ ली है। चतरा के विधायक सत्यानंद भोक्ता को राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद भोक्ता ने सीएम हेमंत सोरेन और आगंतुकों से मिलकर उनका अभिवादन किया।
रामेश्वर उरांव ने ली मंत्री पद की शपथ
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में रामेश्वर उरांव कांग्रेस कोटे से दूसरे मंत्री बनाए गए हैं। झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव को राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आइपीएस सेवा से वीआरएस लेकर राजनीति में आए रामेश्वर उरांव दो बार केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।
आलमगीर आलम ने ली मंत्री पद की शपथ
कांग्रेस विधायक दल के नेता और पाकुड़ के विधायक आलमगीर आलम ने कांग्रेस के कोटे से पहले मंत्री के रूप में शपथ ली है। शपथ लेने के बाद आलमगीर आलम ने मंच पर बैठे नेताओं से बारी-बारी से मुलाकात की। अब रामेश्वर उरांव शपथ ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ली शपथ, राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने दिलाई शपथ
राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन को शपथ दिलाई। इस दौरान हेमंत ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। अब हेमंत सोरेन के मंत्रिपरिषद के सदस्यों को शपथ दिलाई जा रही है। आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता को हेमंत कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है।
राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू पहुंची, राष्ट्रधुन के साथ सबने शीश नवाए
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू पहुंच गई हैं। समारोह शुरू करने की अनुमति मांगकर हेमंत सोरेन के शपथ की अधिसूचना पढ़ी गई। मुख्य सचिव ने राज्यपाल के हवाले से अधिसूचना पढ़कर हेमंत सोरेन को झारखंड का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। अब शपथ ग्रहण हो रहा है।
राहुल गांधी मंच पर पहुंचे, मधु कोड़ा भी समारोह में आए
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंच पर पहुंच गए हैं। राहुल ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उन्होंने शुभकामना दी। राहुल ने डीराजा, स्टालिन, कनिमोझी, शरद यादव समेत दूसरे नेताओं से बारी-बारी से मुलाकात की। समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी मौजूद हैं।
ममता, शरद-डी राजा, येचुरी-तेजस्वी मंच पर पहुंचे
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शरद यादव, सीताराम येचुरी, डी राजा और तेजस्वी यादव मंच पर पहुंचे हैं। यहां बिहार के राजद नेता जयप्रकाश नारायण यादव भी पहुंचे हैं। तमाम वीवीआइपी के बीच समारोह के मंच पर आप नेता संजय सिंह, अतुल अंजान पर जमे हैं।
मंच पर पहुंचे हेमंत सोरेन, थोड़ी देर में लेंगे शपथ
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मंच पर पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने आम लोगों का हाथ उठाकर अभिभावदन किया। हेमंत के साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, पिता शिबू सोरेन भी मौजूद हैं। हेमंत ने यहां सभी आगंतुकों से बारी-बारी मुलाकात की।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दी शुभकामना, स्वास्थ्य कारणों से नहीं पहुंचे रांची
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी खराब सेहत के कारण झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने हेमंत को उनकी नई पारी के लिए शुभकामना दी है। महागठबंधन की मजबूती और नई सरकार में झारखंड की तरक्की की कामना करते हुए प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि हेमंत की अगुआई में झारखंड आगे बढ़ेगा।
शपथ ग्रहण के लिए घर से निकले हेमंत सोरेन, पिता शिबू सोरेन से लिया आशीर्वाद
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ शपथ ग्रहण समारोह के लिए अपने घर से निकलकर पिता शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे हैं। माता-पिता का आशीर्वाद लेकर वे रांची के मोरहाबादी मैदान जाएंगे। इस बीच हेमंत ने कार्यकर्ताओं से मोरहाबादी पहुंचने की अपील की। हेमंत इस दौरान खुद ही अपनी गाड़ी ड्राइव कर रहे थे।
हेमंत सोरेन दूसरी बार संभालेंगे राज्य की कमान
झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में रविवार को दिन में 2:00 बजे शपथ लेंगे। झारखंड के मुख्यमंत्री के पद पर वे दूसरी बार शपथ लेंगे। इससे पहले वे 13 जुलाई 2013 से 28 दिसंबर 2014 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रहे हैं। रविवार (29 दिसंबर) को हेमंत के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद के विधायक सत्यानंद भोक्ता मंत्री पद की शपथ लेंगे। खरमास के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। फिलहाल कांग्रेस से पांच, झामुमो से छह और राजद से एक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के फॉर्मूले पर महागठबंधन के दल तैयार हैं।
राहुल गांधी, अशोक गहलोत रांची पहुंचे, हेमंत सोरेन को दी शुभकामना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रांची पहुंच गए हैं। उन्होंने हेमंत सोरेन को नई सरकार के लिए शुभकामना दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रांची के मोरहाबादी मैदान पहुंच गई हैं।
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार का असर देश की राजनीति पर : शिबू सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कहा है कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार का असर देश की राजनीति पर पड़ेगा। शिबू सोरेन ने कहा कि हेमंत परिपक्व नेता हैं। वे सरकार को अच्छे से चलाने में सक्षम हैं। इधर हेमंत के शपथ ग्रहण के बहाने रांची में भाजपा विरोधी दलों के नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। पिता शिबू सोरेन ने कहा कि हेमंत की सरकार में शिक्षा को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल का संदेश लेकर रांची पहुंचे आप नेता संजय सिंह
हेमंत के शपथ ग्रहण मंच पर कोहबर कला, झारखंडी संस्कृति पर जोर
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में झारखंडी संस्कृति पर जोर है। मंच पर झारखंड की कोहबर कला के साथ ही झारखंडी कला संस्कृति को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। यहां समाचार संकलन के लिए अभी से ही बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी जुटने लगे हैं। अब से कुछ देर बाद मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने वाला है।
भूपेश बघेल, तेजस्वी यादव के साथ स्टालिन, कनिमोझी और टीआर बालू रांची पहुंचे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन, कनिमोझी और सांसद टीआरबालू रांची पहुंच गए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजद नेता तेजस्वी यादव भी समारोह के गवाह बनने पहुंचे हैं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी नेता समारोह में शामिल होने के लिए निकले हैं। अब से कुछ देर बाद रांची के मोरहाबादी मैदान में सीएम हेमंत सोरेन शपथ लेंगे।
झारखंड के 11वें सीएम के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बन रहा मोरहाबादी मैदान
झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान सजधज कर तैयार है। रविवार को दिन के दो बजे से प्रस्तावित समारोह को केंद्र मेें रखकर प्रोटोकॉल के हिसाब से अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है, वहीं पार्किंग के साथ-साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुल 95 हजार वर्गफीट में निर्मित तीन वाटरप्रूफ पंडाल में 15 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। बिजली, पानी, चिकित्सा, अग्निशमन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर खास फोकस किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल तथा स्टेज के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है।
हेमंत ने कहा-पिछले कार्यकाल की योजनाएं करेंगे लागू
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि निश्चित तौर पर हम उन तमाम योजनाओं को फिर से धरातल पर उतारेंगे जो पिछली बार कम अवधि मिलने की वजह से पूरी नहीं हो पाई थी। तमाम योजनाएं अगर संचालित रहती तो गरीबों का जीवन स्तर बेहतर होता। हम तमाम योजनाओं को फिर से लागू करेंगे। आप सही कह रहे हैैं। दुर्भाग्य से यह कार्य रुक गया है पिछली सरकार के कार्यकाल में। हम बोलने में नहीं करने में विश्वास रखते हैैं। शहीदों के परिजनों को हम नौकरी देंगे। सरकार शहीदों के परिवार का पूरा ख्याल रखेगी। झारखंड आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों को नौकरी दी जाएगी। अब वे सड़क पर भटकते हुए आपको नहीं दिखेंगे। मैैं परमवीर अल्बर्ट एक्का की समाधि पर गया था पुष्पांजलि करने। झारखंड के लिए बड़ा योगदान है। हम शहीदों के परिजनों का ख्याल रख गौरवान्वित महसूस करते हैैं। इस बार भी हम उनके लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं लागू करेंगे।
हम न्यूनतम साझा कार्यक्रम लागू करेंगे : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि महागठबंधन सरकार चलाने के लिए हम न्यूनतम साझा कार्यक्रम लागू करेंगे। पूर्व की सरकार भी हमने कामन मिनिमम प्रोग्राम के तहत चलाई थी। साथी दलों के साथ बैठकर हम इसे पुख्ता तौर पर तैयार करेंगे। चुनाव के दौरान भी हमने साझा प्रचार अभियान चलाया था और आम जनता के समक्ष अपने मुद्दे रखे थे। जल, जंगल, जमीन पर लोगों का अधिकार है। यह अधिकार हर हाल में बना रहेगा। हमारी पृष्ठभूमि इसी से जुड़ी है और इससे समझौते का कोई सवाल ही नहीं उठता।
हेमंत बोले, लोगों का प्यार पाकर अभिभूत हूं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि पूरे राज्य में उत्साह का माहौल बना है। राज्य के बाहर से भी लोगों के बधाई संदेश लगातार मिल रहे हैैं। लोगों का इतना प्यार और स्नेह पाकर मैैं वाकई अभिभूत हूं और इसे कभी भुला नहीं सकता। यह लोगों की शुभकामना का असर है कि मुझे राज्य की सेवा करने का मौका मिला है। मेरा प्रयास है कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान आए और राज्य खुशहाली और विकास की ओर अग्रसर हो। मैैं इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य करूंगा। मुझे इस बात की खुशी है कि झारखंड के लोगों ने यकीन किया। सचमुच झारखंड के कोने-कोने से लोगों का मिल रहा स्नेह और आशीर्वाद अकल्पनीय है। सभी को मेरा धन्यवाद। यह मेरा संकल्प है कि हर झारखंडी के सपने पूरे होंगे। हम नए झारखंड की राह पर चल पड़े हैैं। झारखंड विकास का नया अध्याय लिखेगा।
पप्पू यादव ने कहा, हेमंत रचेंगे नया इतिहास
हेमंत बोले, ठोस जनादेश से मनोबल ऊंचा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि इस बार जनता ने ठोस जनादेश दिया है। अगले पांच साल इस राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे। हम लोगों को विश्वास दिलाते हैैं कि हम देश में झारखंड की अलग पहचान कायम करेंगे। झारखंड तेजी से आगे बढ़ेगा। शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से लोग आ रहे हैैं और वे भी इसका अहसास करेंगे कि झारखंड में परिवर्तन होना एक शुभ संकेत है।
सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण का गवाह बनने सीताराम येचुरी पहुंचे रांची
सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण का गवाह बनने सीताराम येचुरी रांची पहुंच गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में सीपीआइ के महासचिव डी राजा व राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान के अलावा कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीतारम येचुरी भी शामिल हो रहे हैं। समारोह को लेकर आम और खास दोनों ही वर्गों में खासा उत्साह है। मोरहाबादी में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन से अनुरोध किया जा रहा है कि वे मोरहाबादी मैदान से जुड़े पड़ोस के इलाकों में शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े कार्यक्रमों के सीधा प्रसारण की व्यवस्था करें।
रांची के मोरहाबादी मैदान में दिखेगा हर तबके का प्रतिनिधित्व
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि रविवार को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में समाज के हर तबके की भागीदारी होगी। इसमें राजनीतिज्ञ भी होंगे, उद्योगपति भी और आम जनता भी। सहकारी समितियों का प्रतिनिधत्व भी यहां देखने को मिलेगा। आगंतुक अतिथियों के स्वागत की पूरी तैयारी की गई है। पुलिस प्रशासन और महागठबंधन के अनुशासित कार्यकर्ताओं के बूते यह समारोह देशवासियों के बीच एक संदेश छोडऩे में सफल रहेगा। वे रविवार को मीडिया से मुखातिब थे।
आरपीएन ने रामेश्वर उरांव को तैयार रहने को कहा
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष से मिलने के बाद आरपीएन सिंह ने मीडिया को बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य सीनियर नेताओं के रविवार को रांची पहुंचने की जानकारी हेमंत सोरेन को दी और कांग्रेस की तैयारियों के बारे में भी बताया। मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आरपीएन ने किसी के नाम का खुलासा तो नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि इंतजार करिए, समय पर सभी जानकारी मिल जाएगी।
कांग्रेस आलाकमान का संदेश लेकर हेमंत से मिले आरपीएन
शपथ ग्रहण समारोह के एक दिन पूर्व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह मिले और आलाकमान का संदेश दिया। दोनों नेताओं की बैठक में रामेश्वर उरांव के नाम पर मुहर लगी और यहीं से निकलकर आरपीएन ने रामेश्वर उरांव को तैयार रहने का संदेश दिया। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट विस्तार को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। मंत्रिमंडल में कांग्रेस पांच सदस्यों के साथ शामिल हो सकती है। बाकी नेताओं के नाम अगले 15 दिनों में फाइनल होंगे।
राजद कोटे से भी एक मंत्री ले सकते हैं शपथ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का विस्तार मकर संक्रांति के बाद होगा। फिलहाल सभी मंत्रियों के नाम तय नहीं हुए हैैं, लेकिन अटकलों का बाजार गर्म है। शनिवार देर रात राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता के मंत्री पद पर शपथ लेने की भी चर्चा जोरों पर रही। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। सरकार में राजद कोटे से एक मंत्री का होना लगभग तय माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में जुटेंगी उद्योग जगत की नामी हस्तियां
रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में नोवेल, ज्वाइंट एमडी जेएसडब्ल्यू, टी वी नरेंद्रन एमडी टाटा स्टील, नवीन जिंदल सीएमडी जेएसपीएल, पुनीत डालमिया एमडी डालमिया ग्रुप, हरमीत सेठी ईडी डालमिया ग्रुप, सिद्धार्थ रूंगटा एमडी रूंगटा माइंस, पंकज मलिहान और राहुल शर्मा एमडी इलेक्ट्रोस्टील, प्रदीप मित्तल वाइस चेयरमैन एस्सार, श्री प्रमोद उंडे और बृजेश झा प्रसिडेंट बिरला ग्रुप, राजीव झावर एमडी उषा मार्टिन, उमापति रेड्डी एमडी बीजीआर ग्रुप, सुनील नाहटा एमडी टोरिएंट, पंकज पटेल एमडी जयड्स ग्रुप, श्री आनंद एमडी आनंद इनकॉरपोरेशन, संजय अग्रवाल एमडी हिन्द एनर्जी, रूप मदान, बेला मदान, अमित कुमार और राजेश एमडी मैरियट ग्रुप, अभिषेक साहू सीओ टीपीएस ग्रुप, प्रतीक जिंदल सीओ जेएसपीएल सहित अनेक उद्योगपति एवं उद्योग जगत से जुड़े लोग सम्मिलित होंगे
दूसरी बार मुख्यमंत्री बन रहे हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री बनने पर हेमंत सोरेन का यह दूसरा कार्यकाल होगा। इसके पूर्व भी वे एक बार मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके अलावा बाबूलाल मरांडी, मधु कोड़ा और रघुवर दास भी एक-एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। शिबू सोरेन और अर्जुन मुंडा ने तीन-तीन बार सत्ता की बागडोर संभाली है। अब हेमंत सोरेन दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शपथ लेने के ठीक बाद वे मंत्रिमंडल की बैठक लेंगे, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल में झामुमो के प्रतिनिधित्व को लेकर ही सस्पेंस है। कहा जा रहा है कि झामुमो से भी एक विधायक को मंत्री बनाए जाने की तैयारी है, लेकिन शनिवार देर रात तक नाम पर फैसला नहीं हो सका था। झारखंड विकास मोर्चा के तीन विधायकों और अन्य निर्दलीय विधायकों का समर्थन इस सरकार को अलग से है।
कांग्रेस से दो मंत्री लेंगे शपथ, रामेश्वर-आलमगीर पर भरोसा
फिलहाल मंत्रिमंडल में झामुमो के प्रतिनिधित्व को लेकर ही सस्पेंस है। कहा जा रहा है कि झामुमो से भी एक विधायक को मंत्री बनाए जाने की तैयारी है, लेकिन शनिवार देर रात तक नाम पर फैसला नहीं हो सका था।
मंत्री : डॉ. रामेश्वर उरांव
शिक्षा : एमए, पीएचडी
जन्मतिथि : 14 फरवरी 1947 (72 वर्ष)
अनुभव : आइपीएस अधिकारी रहे रामेश्वर उरांव ने 2004 में पुलिस सेवा से त्यागपत्र देकर राजनीति का अपनाया और लगातार 10 वर्षों तक लोहरदगा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वे अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष और मानवाधिकार आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं।
मंत्री : आलमगीर आलम
जन्मतिथि : 1954
शिक्षा : बीएससी
अनुभव : पाकुड़ विधानसभा सीट से चौथी बार विधायक बने हैं। वर्ष 2000, 2004, 2014 और 2019 में विधायक बने। 2009 में वे चुनाव हार चुके थे। आलम इसके पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में कांग्रेस विधायक दल के नेता भी हैं।
हेमंत सोरेन बोले, झारखंड के नव निर्माण का संकल्प दिवस
मुख्यमंत्री नामित हेमंत सोरेन रविवार को दोपहर 2 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सोरेन ने इसे झारखंड के नव निर्माण का संकल्प दिवस कहा है। उन्होंने राज्य की सवा तीन करोड़ जनता से यह अपील की कि मोरहाबादी आइये और हम सब इसके साक्षी बनें। श्री सोरेन ने देशभर से आ रहे गणमान्य नेताओं के प्रति भी विनम्रता पूर्वक आभार प्रकट किया है।
कैबिनेट की बैठक भी होगी
शपथ ग्रहण समारोह के बाद हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक भी होने की तैयारियां पूरी हो चुकी है। संभावना है कि यह बैठक रविवार को ही दिन में चार बजे के करीब हो।
भगवा की जगह हरा रंग
मोरहाबादी मैदान में पूर्व के सरकारी समारोह में दिखने वाला भगवा रंग इस बार नहीं दिखेगा। अब चलन में हरा रंग है और इसी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर हुआ है। मैदान की घेराबंदी में सफेद और हरा रंग के कपड़े का उपयोग किया गया है।
देश भर से विपक्षी नेताओं का हो रहा जुटान
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राहुल गांधी, पी चिदंबरम, प्रियंका गांधी, अहमद पटेल, शरद पवार के साथ बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, बसपा अध्यक्ष मायावती, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन, पूर्व राज्यसभा सदस्य शरद यादव, सांसद कनीमोझी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सीपीआइ नेता कन्हैया कुमार, सांसद टीआर बालू आदि शामिल होंगे। इसके अलावा शिवानंद तिवारी, बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, तारिक अनवर, बंगाल सरकार के मंत्री मलय घटक सहित कई वीआइपी मौजूद रहेंगे। अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डीजीपी कमल नयन चौबे ने बताया कि वीआइपी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था की श्रेणियां अलग-अलग हैं। इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।