केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले- जल्द रोकेंगे पाकिस्तान जा रहा पंजाब की नदियों का पानी
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि पाकिस्तान जा रहा पंजाब की नदियों का पानी जल्द राेका जाएगा। इसके लिए शाहपुर कंडी बैराज जल्द तैयार हो जाएगा।
पठानकोट, जेएनएन। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि पाकिस्तान जा रहा पंजाब की नदियों का पानी जल्द रोका जाएगा। इसके लिए शाहपुरकंडी में बनाया जा रहा बैराज का कार्य जल्द पूरा होगा। इसके बाद नदियों का पानी पाकिस्तान नहीं जाने दिया जाएगा।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिया शाहपुर कंडी बैराज के निर्माण कार्य का जायजा
वह बुधवार को शाहपुरकंडी में निर्माणाधीन बैराज के कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। गजेंद्र शेखावत ने कहा कि वर्ष 2021 के अंत तक बैराज बांध का काम पूरा हो जाने की उम्मीद है। बैराज के निर्माण में केंद्र सरकार की तरफ से फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बांध बनने के बाद पानी पाकिस्तान जाने से रोका जाएगा। इससे पंजाब सहित कई राज्यों में पानी की समस्या समाप्त होगी। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान सिंचाई विभाग के सचिव कर्णेशकर शर्मा, आरएसडीए चीफ इंजीनियर एसके सलूजा और अधिकारियों के साथ बैठक भी की। केंद्रीय मंत्री का दौरा मंगलवार को प्रस्तावित था। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने उनका दिनभर इंतजार किया, लेकिन शेखावत नहीं पहुंचे। बुधवार को वह यहां आए ताे सरकारिया सहिीत कोई भी नेता नहीं पहुंचा।
जम्मू कश्मीर को होगा फायदा
गजेंद्र शेखावत ने बताया कि बांध से बचने वाले पानी को सीमावर्ती क्षेत्रों में भेजकर 100 से अधिक गांवों को पीने का पानी भी उपलब्ध करवाने की योजना है। प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार 86 प्रतिशत फंड देगी। जम्मू कश्मीर को इसका काफी फायदा मिलेगा। इसके लिए जम्मू कश्मीर के हिस्से के फंड को भी केंद्र सरकार ही देगी। बैराज के खर्च का 14 फीसद हिस्सा पंजाब सरकार देगी।
छह हजार करोड़ से गिरते भूजल स्तर को बचाएंगे
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अटल जल योजना के तहत छह हजार करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे भूजल का स्तर बचाने के लिए कई प्रोजेक्टों पर कार्य किया जाएगा। पंजाब में जलस्तर गिरने और प्रदूषित पानी की समस्या सामने आ रही है। लुधियाना और बठिंडा जैसे कई शहरों में ये दिक्कतें सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें: गर्व के पल: सुखोई की कमान, हरियाणा के जाबांज बेटे ने जीत लिया आसमान
यह भी पढ़ें: इस शख्स ने दाग मिटाने के लिए 18 साल लड़ी लड़ाई, नौकरी संग हासिल किया सम्मान भी
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें