गिरिराज का नेहरू पर हमला- उन्होंने कश्मीर मसले को बनाया नासूर, PM मोदी को ले कही ये बात
सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह ने जवाहर लाल नेहरू पर हमला किया। साथ ही समस्या के समाधान के लिए पीएम मोदी की तारीफ की।
बेगूसराय [जेएनएन]। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री और बेगूसराय के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद गिरिराज सिंह (Giriraj singh) ने फिर बड़ी बात कही है। इस बार उनके निशाने पर पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू (Jawahar lal nehru) रहे। पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल (Sardar Vallabh bhai patel) की जयंती पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' (Run for unity) कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कश्मीर समस्या के लिए जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार बताया। साथ ही इस समस्या को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की।
विदित हो कि गुरुवार को देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूरे देश की तरह बेगूसराय में भी 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत लोगों ने बेगूसराय के गांधी स्टेडियम से जीडी कॉलेज तक दौड़ लगाकर पहुंचे। फिर, जीडी कॉलेज परिसर में सभा हुई।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सरदार पटेल के नेतृत्व में 562 राजाओं के राज्यों का विलय देश में किया गया। लेकिन पंडित नेहरू ने एक राज्य जम्मू-कश्मीर को अपने हाथों में ले लिया, जो नासूर बन गया। नेहरू ने जम्मू-कश्मीर का विलय नहीं होने दिया, जिस कारण इसका मसला भारत के लिए नासूर बन गया। आजादी के इतने सालों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35ए को हटाकर उसे फिर चमन बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल के सपने को पूरा करने का काम किया है।
एनआरसी के मुद्दे पर गिरिराज ने कहा कि यह देश के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य या जिले में घुसपैठिए रह रहे हैं, उन्हें निकालना होगा। उन्होंने कहा कि देश की समृद्धि के लिए एनआरसी जरूरी है। भारत में अवैध रूप से रह रहे लोगों को हर हाल में जाना ही पड़ेगा।
गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि अब देश में 'एक देश, एक झंडा व एक प्रधान' की नीति चलेगी। उन्होंने देश में जनसंख्या नियंत्रण की जरूरत पर फिर बल दिया।