जवाहर लाल नेहरू ट्रस्ट को 4.36 करोड़ गृहकर बकाये का नोटिस, राहत के लिए भेजा महापौर को पत्र
नगर निगम ने जवाहर लाल नेहरू ट्रस्ट के अधीन आनंद भवन संग्रहालय और तारामंडल पर ब्याज समेत 4.36 करोड़ रुपये गृहकर बकाया का नोटिस जारी किया है।
प्रयागराज, जेएनएन। नगर निगम ने जवाहर लाल नेहरू ट्रस्ट के अधीन आनंद भवन, संग्रहालय और तारामंडल पर ब्याज समेत 4.36 करोड़ रुपये गृहकर बकाया का नोटिस जारी किया है। नगर निगम की कार्यकारिणी की विशेष बैठक में सदस्यों ने नोटिस भेजे जाना का मुद्दा उठाया, उसके बाद महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने प्रेसवार्ता में कहा कि जवाहर लाल नेहरू ट्रस्ट गैर आवासीय क्षेत्र में है। यदि उसके चेरिटेबल ट्रस्ट होने का दस्तावेज नगर निगम को दिया जाता है तो गृहकर माफी पर विचार हो सकता है।
नगर निगम का नोटिस मिलने पर दिल्ली से जवाहर लाल नेहरू स्मारक निधि के सचिव की ओर से गृहकर निस्तारण के लिए एक पत्र महापौर के पास आया। महापौर ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को फाइल बनाकर इसके निस्तारण के निर्देश दिए। अभी फाइल की जांच हो रही है। महापौर का कहना है कि ट्रस्ट द्वारा नगर निगम को प्रतिवर्ष 600 रुपये वार्षिक गृहकर जमा किया जा रहा है। 2003 में गृहकर का पुनर्मूल्यांकन किया गया। उसके बाद आनंद भवन, संग्रहालय और तारामंडल का गृहकर बढ़ गया। ट्रस्ट बढ़े गृहकर के मामले को लेकर लघु वाद न्यायाधीश में चला गया, जो अभी चल रहा है। वर्ष 2009-10 में ट्रस्ट का बकाया ब्याज समेत कुल 1,23,18,602 रुपये हो गया। 2013-14 में फिर गृहकर बढ़ाया गया। बकाया राशि 2,40,78,763 रुपये हो गई, जो अब बढ़कर 4,36,23,979 रुपये हो गई है।
2003 के बाद सरकारी कार्यालयों पर लगाया गया गृहकर
2003 तक नगर निगम के जन प्रतिनिधियों द्वारा गृहकर लगाया जाता था। तब सरकारी कार्यालयों से टैक्स नहीं लिया जाता था। उसके बाद गृहकर का निर्धारण नगर निगम के अधिकारियों द्वारा किया जाने लगा। नगर निगम ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग समेत कई अन्य सरकारी कार्यालयों और संस्थानों पर धीरे-धीरे करके गृहकर लगाया। इससे नगर निगम का राजस्व बढ़ा। आज नगर निगम के आय का सबसे बड़ा स्रोत गृहकर है।
कमला नेहरू हॉस्पिटल पर 1.81 करोड़ बकाया है गृहकर
जवाहर लाल नेहरू ट्रस्ट के अलावा कमला नेहरू मेमोरियल हॉस्पिटल पर ब्याज समेत 1.81 करोड़ रुपये बकाया है। हास्पिटल के गृहकर को लेकर न्यायालय में मामला चल रहा है। इसलिए पिछले दस सालों से हॉस्पिटल द्वारा गृहकर जमा नहीं किया जा रहा है। हॉस्पिटल का वार्षिक गृहकर 23,85,306 रुपये है। 1,19,26,530 रुपये गृहकर बकाया है। 28,62,369 रुपये ब्याज है। 9,54,123 रुपये मासिक ब्याज लग रहा है।
कुछ खास बातें...
- 25,700 वर्ग फीट : निर्मित क्षेत्र
- 2,08,800 वर्ग फीट : गैर निर्मित क्षेत्र
- 8,27,050 रुपये : वार्षिक गृहकर
- 2,07,13,534 रुपये : गृहकर बकाया
- 2,12,54,853 रुपये : ब्याज
- 8,28,542 रुपये : मासिक ब्याज
- 600 रुपये : वार्षिक गृहकर जमा कर रहा ट्रस्ट
- 30-07-2019 : अंतिम गृहकर की किस्त ट्रस्ट ने जमा की