विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Fight Against Corona Virus : आज एक साथ बंद होंगी घरों की बत्तियां, ग्रिड पर नहीं कोई संकट

By Umesh TiwariEdited By:
Published: Sun, 05 Apr 2020 12:53 AM (IST)

Fight Against Corona Virus एक साथ घरों की लाइट बंद होने से पावर ग्रिड को नुकसान पहुंचने की आशंकाओं को उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने निर्मूल बताया है।

Fight Against Corona Virus : आज एक साथ बंद होंगी घरों की बत्तियां, ग्रिड पर नहीं कोई संकट
Fight Against Corona Virus : आज एक साथ बंद होंगी घरों की बत्तियां, ग्रिड पर नहीं कोई संकट

लखनऊ, जेएनएन। Fight Against Corona Virus : कोराना वायरस के खिलाफ चल रही जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि रविवार रात नौ बजे नौ मिनट के लिए सभी लोग अपने घरों की बत्तियां बंद कर मोमबत्ती, दीया व टॉर्च आदि जलाएं। इसके बाद चर्चा शुरू हो गई कि एक साथ यूं बत्तियां बुझाने से झटका लगेगा और पावर ग्रिड को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी आशंकाओं का एक ट्वीट कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी शेयर किया, लेकिन उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन (यूपीपीसीएल) प्रबंधन ने ऐसी आशंकाओं को निर्मूल बताया है।

पावर ट्रांसमिशन कारपोरेश के तहत स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) के मुख्य अभियंता एके सिंह के मुताबिक राष्ट्रीय पावर ग्रिड काफी मजबूत है। इस तरह की परिस्थितियों से विद्युत मांग में उत्पन्न कमी या वृद्धि के बावजूद ग्रिड को स्थायी रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं, इसलिए किसी भी तरह से आशंकित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल घरेलू बत्ती को बंद करने की अपेक्षा की है। अन्य उपकरण जैसे कंप्यूटर, टीवी, पंखा, फ्रिज, एयर कंडीशनर आदि चलते रहेंगे।

इसी तरह मार्ग प्रकाश, अन्य आवश्यक सेवाएं, अस्पताल, नगर निकाय सेवाएं, पुलिस स्टेशन के अलावा लॉकडाउन से अप्रभावित औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान चालू रहेंगे। केवल घरेलू बत्ती के बंद होने से तकरीबन दो हजार मेगावाट का लोड कम होने की उम्मीद है, जबकि आजकल रात नौ बजे के आसपास बिजली की कुल मांग लगभग 14 हजार मेगावाट है। दो हजार मेगावाट का लोड घटने को हाइड्रो पावर प्लांट के माध्यम से ही आसानी से मैनेज कर लिया जाएगा।

शांति व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी मार्ग प्रकाश को स्विच ऑफ नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। हाउसिंग सोसाइटी और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन से भी अपेक्षा की गई है कि वह पूरी सोसाइटी या अपार्टमेंट की विद्युत आपूर्ति बाधित न करें। मार्ग प्रकाश, सामूहिक सेवाएं आदि सुचारु रखें। वहीं, ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के चेयरमैन शैलेंद्र दुबे ने सरकार को तैयारियों के संबंध में पत्र लिखने के साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्यकर्मियों की तरह ही बिजलीकर्मी भी चौबीस घंटे जुटे हैं। बिजलीकर्मी ग्रिड देख रहे हैं। फिर भी कहीं कोई कठिनाई होती है तो धैर्य रखें और सहयोग करें।