Himachal Assembly By Election 2019: हिमाचल उपचुनाव के लिए तेज हुआ प्रचार
Himachal Assembly By Election 2019. हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है।
जागरण टीम, धर्मशाला/नाहन। हिमाचल के दो विधानसभा क्षेत्रों धर्मशाला व पच्छाद में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों ने कमर कस ली है। वीरवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन बीतने के बाद शुक्रवार को प्रत्याशी फील्ड में डट गए। प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। प्रत्याशियों ने प्रचार सामग्री को दीवारों पर लगाना शुरू कर दिया है।
धर्मशाला में सात व पच्छाद में पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया ने शुक्रवार को सलांगड़ी, सुक्कड़, मंदल, योल आदि क्षेत्रों में प्रचार किया। उन्होंने लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, कांग्रेस ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में धर्मशाला में बैठक की। इसमें नगर निगम धर्मशाला के 14 वार्डों के कांग्रेस समर्थित पार्षद मौजूद रहे। राठौर ने कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुटता से उपचुनाव लडऩे का आह्वान किया।
उधर, पच्छाद में भी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार तेज किया। भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा चुनाव मैदान में निर्दलीय उतरीं दयाल प्यारी ने शुक्रवार को प्रचार कर अपने पक्ष में वोट मांगे। भाजपा ने पच्छाद की सभी 60 पंचायतों में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी रण में उतार दिया है। भाजपा ने पच्छाद उपचुनाव में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को चुनाव प्रभारी जबकि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल को नारग जिला परिषद वार्ड का प्रभारी बनाया है।
जनमंच कार्यक्रम के समन्वयक एवं मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा को पझौता, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को सराहां क्षेत्र प्रभारी, कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन रवि मेहता, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर व सांसद सुरेश कश्यप को चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है।
ये प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में
धर्मशाला :
प्रत्याशी, दल
विशाल नैहरिया, भाजपा
विजय इंद्र कर्ण, कांग्रेस
निशा कटोच, निर्दलीय
पुनीष पाधा, निर्दलीय
सुभाष शुक्ला, निर्दलीय
राकेश चौधरी, निर्दलीय
डॉ. मनोहर धीमान, निर्दलीय
पच्छाद
प्रत्याशी, दल
रीना कश्यप, भाजपा
गंगूराम मुसाफिर, कांग्रेस
दयाल प्यारी कश्यप, निर्दलीय
पवन कुमार, निर्दलीय
सुरेंद्र पाल, निर्दलीय