दुष्यंत ने दर्द संग दिखाए तेवर, कहा- फैसले से पहले सुनामी का अंदाजा नहीं लगाया गया
चौटाला परिवार की कलह और बढ़ती दिख रही है। सांसद दुष्यंत चौटाला का इनेलो से अपने निलंबन पर अाज दर्द छलक पड़ा। इसके साथ ही उन्होंने कड़े तेवर भी दिखाए।
जेएनएन, हिसार। चौटाला परिवार में कलह और इनेलो से निलंबित किए जाने का सांसद दुष्यंत चौटाला का दर्द आज यहां छलक पड़ा। समर्थकों से रूबरू दुष्यंत चौटाला ने कहा, इस पूरे प्रकरण से मुझे बड़ा झटका लगा है। कंधे से कंधा मिलाकर चलने वालों ने ही मुझे दोषी बना दिया। मैं निर्दोष हूं और अपने आप को साबित करता रहूंगा। हर हालत व चुनौती का सामना करने को तैयार हूं। इसके साथ उन्होंने अपने तेवर भी दिखाए आैर अपने निलंबन की चर्चा करते हुए कहा कि इतना बड़ा निर्णय लेने से पहले सुनामी की तीव्रता का अंदाजा नहीं लगाया गया।
दुष्यंत चौटाला यहां सिरसा रोड स्थित चौधरी देवीलाल सदन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता चौधरी देवीलाल की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। संगठन को नई दिशा देना उनका काम है । दुष्यंत ने कहा, 2013 में जब वह हिसार आए थे तो सभी ने मिलकर काम किया। यदि कोई फैसला आगे लेना है तो यह परिवार मिलकर ही लेगा।
उन्होंने कहा कि आज उनको जरूर लगा कि कुछ चुनिंदा साथी गलत साबित करने में लगे हैं। यह मैदान आपका है और सभी मिलकर चलेंगे तो दंगल मजबूत होगा। इनेलो सांसद ने कहा कि वह इनेलो के संगठन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे और करते रहेंगे। कोई फैसला होगा तो वह ओमप्रकाश चौटाला लेंगे। कोई उनके खिलाफ किसी शब्दावली का इस्तेमाल नहीं करें। ओमप्रकाश चौटाला ही अगले सीएम होंगे।
हिसार के चौधरी देवीलाल सदन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते दुष्यंत चौटाला।
इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनके पास नोटिस नहीं आया है। नोटिस आएगा तो वह जवाब देंगे। अगर दोषी हुआ तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और यह मंजूर होगा। कार्यकर्ताओं ने संगठन को एक पौधे की तरह लगाया था और आज यह पेड़ बन कर खड़ा है। इनेलो को आगे ले जाना है और मजबूत करना है।
इनेलो सांसद ने कहा कि आगे के बारे में फैसला अब डॉ. अजय चौटाला लेंगे और वह फैसला हिसार की धरा पर ही सभी कार्यकर्ताओं के बीच में होगा। उन्होंने कहा कि हिसार उनकी कर्मभूमि है और रहेगी। वह आने वाला लोकसभा चुनाव ही लड़ेंगे।
इनेलो सांसद दुष्यंत ने कहा कि कुछ लोग संगठन को बिखेरने का प्रयास कर रहे हैं। उनको पता होना चाहिए कि संगठन को खड़ा करने में अजय चौटाला ने भी अपने जीवन के 40 साल लगाए हैं। वह संगठन को कमजोर नहीं होने देंगे, बल्कि पहले से ज्यादा काम करके संगठन को और मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि हिसार में उनको दोषी बनाया जा रहा है। इतना बड़ा निर्णय लेने से पहले सुनामी की तीव्रता का अंदाजा लगा लेना चाहिए था, समु्द्र की गहराई को नाप लेना चाहिए था। इनेलो सांसद ने कहा कि आने वाले समय में सबूत और तथ्य के साथ वह सभी के बीच में आएंगे। उन्होंने कहा कि आेमप्रकाश चौटाला का सम्मान सभी रखे हैं। वह घर, परिवार व पार्टी के मुखिया हैं और उनके सिर को कभी झुकने नहीं देंगे।