जादवपुर विश्वविद्यालय में देशद्रोहियों का हब नष्ट करने को सर्जिकल स्ट्राइक करेंगेः दिलीप घोष
Dilip Ghosh. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो की हत्या का इंतजार कर रही है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने जादवपुर विश्वविद्यालय में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो पर हमले करने वालों को समाजविरोधी और देशद्रोही बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर देशद्रोहियों और कम्युनिस्टों का केंद्र बन गया है, 'हमारे कैडर' बालाकोट जैसी सर्जिकल स्ट्राइक कर इसे नष्ट कर देंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो की हत्या का इंतजार कर रही है। उन्होंने इस घटना के बारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को जानकारी दी है। घोष ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 'जादवपुर विश्र्वविद्यालय परिसर राष्ट्रविरोधी और कम्युनिस्ट गतिविधियों का केंद्र है। यह घटना पहली बार नहीं हुई है। जैसे कि हमारे सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान में आतंकी कैंपों को नष्ट करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया था, उसी प्रकार हमारे हमारे कैडर भी जेयू में राष्ट्र विरोधी हब को नष्ट करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मौके पर जाकर केंद्रीय मंत्री को भीड़ से बचाने के लिए राज्यपाल जगदीप धनखड़ की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि 'घटना के वक्त तृणमूल सरकार मौन होकर सबकुछ देख रही थी, वह बाबुल की हत्या का इंजार कर रही थी।' घोष ने स्थिति को नियंत्रण करने में विफल विश्र्वविद्यालय के कुलपति सुरंजन दास के तत्काल इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबुल के बाल खींचने वाले लोग उस विश्र्वविद्यालय के छात्र नहीं है बल्कि समाजविरोधी हैं। उन्होंने इस तरह की हरकत करने वाले छात्रों को बेहया और देशद्रोही बताया। इसके पहले भी एक घटना में घोष ने इस तरह की घटना करने वाले छात्रों के लिए बेहया शब्द का इस्तेमा ल किया था। घोष ने फोन पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस घटना की शिकायत की है।
उन्होंने गृहमंत्रालय से इस बारे में लिखित शिकायत भी की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने केंद्रीय गृहमंत्री से पुलिस के बारे में भी शिकायत की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री पर हाथ उठाने वालों के हाथ कैसे तोड़े जाएंगे, हम अच्छी तरह से जानते हैं। आज नहीं तो कल हम करेंगे।
यह भी पढ़ेंः बाबुल सुप्रियो बोले, मेरा विरोध करने वालों को मानसिक इलाज की जरूरत