प्रदेश लोजपा अध्यक्ष के लिए पासवान ने गुजरात में मांगा ओहदा
हरियाणा, झारखंड व बिहार में भी लोजपा के पदाधिकारी व नेता सरकार के कई अहम ओहदों पर काम कर रहे हैं।
अहमदाबाद, जेएनएन। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ केंद्र में सत्ता सुख भोग रही लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को गुजरात में भी सत्ता के करीब रहना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने खुद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पत्र लिखकर लोजपा गुजरात के अध्यक्ष को बोर्ड निगम में ओहदा देने की सिफारिश की है।
रामविलास पासवान ने अपनी पार्टी लोजपा के गुजरात अध्यक्ष पंकज रामानुज का बायोडाटा व एक पत्र राज्य के मुख्यमंत्री रूपाणी को भेजकर उनको बोर्ड निगम की जिम्मेदारी देने की सिफारिश की है। पासवान ने कहा है कि रामानुज अनुभवी व काबिल व्यक्ति हैं, लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में हैं इसलिए उन्हें किसी महकमे की जिम्मेदारी सौंपकर उनके अनुभव का लाभ लेना चाहिए।
गौरतलब है कि हरियाणा, झारखंड व बिहार में भी लोजपा के पदाधिकारी व नेता सरकार के कई अहम ओहदों पर काम कर रहे हैं। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इस मामले में कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।