आप सरकार का बड़ा फैसला, अब दिल्लीवालों को नहीं होगी पानी की कमी
Delhi Water Crisis दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने जल संरक्षण परियोजना को लेकर मंगलवार को मंजूरी दे दी है। यह सरकार का जल संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Water Crisis दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने जल संरक्षण परियोजना को लेकर मंगलवार को मंजूरी दे दी है। यह सरकार का जल संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह कदम दिल्ली व एनसीआर के लोगों के लिए भविष्य में राहत लेकर आएगा। दिल्ली सरकार यमुना के किनारे फ्लड जोन में जल संरक्षण के लिए तालाब बनवाएगी। इस तालाब की खासियत यह होगी की यह कोई स्थाई स्ट्रक्चर नहीं होगा।
बाढ़ के पानी को इकट्ठा करने की योजना
कैबिनेट की बैठक के बाद पल्ला में बाढ़ के पानी को इकट्ठा करने की योजना की जानकारी देने के लिए दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने प्रेसवार्ता की। केजरीवाल ने कहा कि देश मे पानी की कमी है। पानी की कमी के कारण लड़ाइयां हो रही हैं। दिल्ली में भी ग्राउंड वाटर नीचे हो गया है। हमने यमुना के पानी को इकट्ठा करने का बड़ा प्लान बनाया है।
बारिश का पानी यमुना के खादर में होगा जमा
उन्होंने कहा कि कैबिनेट में प्रस्ताव पास हो गया है। आने वाली बारिश में यमुना के खादर में पानी बचाया जाएगा। अब समय कम बचा है, लेकिन काम ठोस रूप में शुरू होगा। सलाहकार और आईआईटी की रिपोर्ट से साफ है कि यमुना के जरिए काफी पानी बचाया जा सकता है। कैबिनेट के प्रस्ताव के तहत पल्ला से वजीराबाद तक किनारों पर पानी का संचयन होगा।
छोटे-छोटे तालाब बनेंगे
छोटे छोटे तालाब बनाए जाएंगे। ओवर फ्लो वाला पानी इनमें जाएगा, तब वह पानी जमीन के नीचे जाएगा।दिल्ली के जमीन का पानी स्तर यमुना से शहर की ओर आता है। इससे पानी जो इकठ्ठा होगा, वह शहर के नीचे जाएगा।
केंद्रीय जल मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि जल्द अप्रूवल आ जाएगी। ये जमीन किसानों की है, जिसे किराए पर लेंगे, इसके लिए कमेटी बनाई गई है।
दिल्ली-NCR की ताजा व महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक