CoronaVirus: प्रियंका की सीएम योगी आदित्यनाथ से अन्य प्रदेशों में फंसे मजदूरों को वापस लाने की मांग
CoronaVirus कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से गैर राज्यों में रह रहे प्रवासी मजदूरों के लिए भी कदम उठाने का अनुरोध किया है।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण राजस्थान के कोटा से कोचिंग में पढ़ रहें छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेश में वापस लाने की सीएम योगी आदित्यनाथ के कदम को बसपा मुखिया मायावती के बाद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सराहा है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने देश में अन्य प्रदेशों में फंसे लोगों के साथ मजदूरों व गरीबों को भी उत्तर प्रदेश में लाने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि उनके भी हितों का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से गैर राज्यों में रह रहे प्रवासी मजदूरों के लिए भी कदम उठाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में रह रहे यूपी के एक-एक आदमी तथा मजदूर की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार की है, संकट की घड़ी में हम उनको इस तरह से नहीं छोड़ सकते।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके वीडियो संदेश जारी करके सरकार से अपील की है कि मजूदरों की समस्या का तत्काल हल निकाले। प्रियंका गांधी ने कहा कि कई प्रदेश में उत्तर प्रदेश के कई मजदूरों से हमारी बात हुई है। कई दिनों से जो उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूर राजस्थान, दिल्ली, सूरत, इंदौर, भोपाल, मुंबई और अन्य प्रदेशों में फंसे हैं, उनसे मेरी बात हुई है। वह सब तो मजदूरी करने के लिए अलग-अलग शहरों में गए। लॉकडाउन हुआ।
मजदूरी बंद हो गई। आगे राशन भी खत्म हो गया। अब छह-छह लोग, आठ- आठ लोग एक कमरे में बंद हैं। राशन मिल नहीं रहा है। बहुत ही घबराए हुए हैं, बहुत ही डरे हुए हैं और किसी भी तरह से घर जाना चाहते हैं। और हम इनको दोषी ठहरा नहीं सकते कि आप घर जाना चाहते हैं। हम और आप भी तो अपने परिवार के साथ रहना चाहते हैं।