मध्य प्रदेश: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रीवा में आज जनसभा को करेंगे संबोधित
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को धार्मिक नगरी चित्रकूट में कामतानाथ के दर्शन के बाद विंध्य में चुनावी बिगुल फूंक दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को रीवा में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ने गुरुवार को धार्मिक नगरी चित्रकूट में कामतानाथ के दर्शन के बाद विंध्य में चुनावी बिगुल फूंक दिया। उन्होंने चित्रकूट और सतना की सभा में रोजगार, कर्जमाफी, राफेल, माल्या, व्यापमं और मन की बात पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरने की कोशिश की।
पिता की प्रतिमा देख भावुक हुए राहुल
पहली बार विंध्य की धरती रीवा में रोड शो करने पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का जगह-जगह स्वागत किया गया। सिरमौर चौराहे पर स्थापित अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा स्थल पर जैसे ही काफिला पहुंचा। राहुल प्रतिमा पर फूलों की माला चढ़ाने के दौरान प्रतिमा देखकर भावुक हो गए।
राहुल गांधी का कार्यक्रम
शुक्रवार को राहुल गांधी सुबह 10 बजे जिले के दौरे पर निकलेंगे और वे कॉलेज चौक, जय स्तंभ, ढेकहा से वीड़ा मार्ग से होकर शाहपुर पहुंचेंगे और फिर बैकुंठपुर, लालगांव तथा त्योंथर में सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर दो बजे फूल गांव में राहुल गांधी के भोजन का कार्यक्रम है।