नाराज इरफान आज आलाकमान से मिलेंगे, प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने पर बगावत
इरफान अंसारी ने कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात कही थी। अपने आरोप में उन्होंने कहा था कि दुष्कर्म के आरोपी विधायक को धोखे से कांग्रेस में शामिल कराया जा रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झाविमो विधायक प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने के खिलाफ बगावत का रुख अपनाए जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी मंगलवार को दिल्ली नहीं पहुंच सके। बकौल इरफान, कई पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण अब वे मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। मंगलवार शाम में विधायक कोलकाता के रास्ते में थे और संभवत: बुधवार को कांग्रेस के सीनियर नेताओं से मुलाकात करेंगे। ज्ञात हो कि इरफान अंसारी ने कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात कही थी। अपने आरोप में उन्होंने कहा था कि दुष्कर्म के आरोपी विधायक को धोखे से कांग्रेस में शामिल कराया जा रहा है।
इधर बंधु तिर्की और प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदीप और बंधु ने इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी और सोनिया गांधी से झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ मुलाकात की थी। बीते दिन बाबूलाल मरांडी के भाजपा में शामिल होने और झारखंड विकास मोर्चा के भारतीय जनता पार्टी में विलय के बाद दोनों विधायकों ने कांग्रेस में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की है।
बताया गया कि धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में कांग्रेस रैली कर दोनों विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव को पार्टी में शामिल कराने की तैयारी कर रही है। इस रैली में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। झारखंड विधानसभा चुनाव में 16 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस में दो विधायकों के शामिल होने से अब कुल 18 विधायक हो गए हैं। हालांकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी के बेटे विधायक इरफान अंसारी ने प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इरफान ने प्रदीप पर कई संगीन आरोप लगाए हैं।