ABVP राष्ट्रीय अधिवेशन: आज दो घंटे आगरा में रहेंगे सीएम योगी, छतों पर भी होगा कड़ा पहरा Agra News
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा कॉलेज खेल मैदान में चल रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि रहेंगे।
आगरा, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दो घंटे शहर में रहेंगे। वह आगरा कॉलेज खेल मैदान में चल रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि रहेंगे।
मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट पर सुबह 11.15 बजे पहुंंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे से पूर्वान्ह एक बजे तक वह आयोजन स्थल पर ही रहेंगे। पूर्वान्ह 1.25 बजे वह खेरिया एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन को लेकर आगरा कॉलेज से लेकर पूरा प्रशासनिक अमला देर रात तक तैयारियों में जुटा रहा। शहर में सफाई से लेकर, सड़कों को दुरुस्त करने के साथ ही कई स्थानों पर नई सड़कें भी बिछा दी गईं। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा। रविवार को एडीजी अजय आनंद ने भी कार्यक्रम स्थल के सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम के लिए आ रहे हैं। इसको लेकर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी कई दिन से तैयारियों में जुटे हैं। रविवार को दोपहर एडीजी अजय आनंद, आइजी ए सतीश गणेश और एसएसपी बबलू कुमार कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से जायजा लिया। सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करने के बाद अधिकारी यहां से चले गए। दिन में एंटी सबोटाज चेकिंग हुई। शाम को पुलिस लाइन में पुलिस फोर्स की अधिकारियों ने ब्रीफिंग की। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट से लेकर आगरा कॉलेज प्ले ग्राउंड तक पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा। रूट पर पडऩे वाले भवनों की छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
एनएसयूआइ पदाधिकारियों को लिया हिरासत में
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बाधा डालने की आशंका को लेकर पुलिस ने एनएसयूआइ के कई पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। कई को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। सपा छात्र सभा पदाधिकारियों को पुलिस ने सख्त हिदायत देकर नजरबंद किया है।