मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- जब तक हम हैं, पलायन हो ही नहीं सकता
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहरानपुर में राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा के ट्वीट पर तंज कसा है।
जेएनएन, सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिम उप्र में कानून व्यवस्था की गाड़ी पटरी पर आ चुकी है। मेरठ में पलायन के मुद्दे पर दो टूक कहा कि, 'जब तक हम हैं तो कोई भी पलायन नहीं कर सकता। निजी विवादों के कुछ मामले हो सकते हैं, उन्हें प्रशासनिक अफसर सुलझा रहे हैं। पलायन तो कतई नहीं हुआ है।'
राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर प्रियंका वाड्रा के ट्वीट पर योगी ने कहा कि कुछ लोग लोकसभा चुनाव में अपनी सीट तक नहीं बचा पाए। अब उनके लिए अंगूर खट्टे हैं, इसलिए वह दिल्ली, इटली और इंग्लैंड में बैठकर सुर्खियों में बने रहने के लिए कुछ न कुछ टिप्पणी कर रहे हैं। ऐसी टिप्पणियों पर गंभीर नहीं होना है। मुरादाबाद में उन्होंने कांवड़ यात्रा से पहले सड़कों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सम्भल के जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर चन्दौसी के न्यायिक तहसीलदार श्रवण कुमार राठौर को निलंबित कर दिया।
योगी शनिवार को सहारनपुर पहुंचे थे और कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा के बाद रविवार सुबह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस पर कार्य कर रही है। अपराध नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। मेरठ के प्रहलाद नगर पलायन प्रकरण पर कहा कि जब तक हम हैं, तब तक कहीं पलायन हो ही नहीं सकता। पिछली सरकारों में शामली के कैराना, कांधला में व्यापक स्तर पर पलायन हुआ था। ये दोनों कस्बे ही सबसे संवेदनशील थे। अब वहां पर भी हालात बदले हैं। भाजपा सरकार में पलायन रुक गया है, घर वापसी हो रही है।
योगी ने प्रियंका वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जिनके लिए अंगूर खट्टे हैं, वही लोग हम पर उंगली उठा रहे हैं। उनके आरोपों में कोई दम नहीं है। योगी प्रियंका के उस ट्वीट का जवाब दे रहे थे, जिसमें प्रियंका ने कहा था कि क्या उप्र सरकार ने अपराधियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है? जेलों से चल रही आपराधिक गतिविधियों पर योगी ने गंभीरता दिखाते हुए कहा कि जेल सुधार गृह तो हो सकता है, अपराध संचालन का केंद्र नहीं होना चाहिए, इसे लेकर हमारी सरकार विशेष सतर्क है। सहारनपुर की गंगोह सीट पर उपचुनाव को लेकर कहा कि भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। सरकार ने रिकार्ड गन्ना भुगतान किया है।
उधर मुरादाबाद मंडलीय समीक्षा के लिए रविवार को मुरादाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्भल के जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर चन्दौसी के न्यायिक तहसीलदार श्रवण कुमार राठौर को निलंबित कर दिया। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपराध पर नियंत्रण सुनिश्चित करने, वसूली में शामिल पुलिसकर्मियों पर दर्ज कराने, भूमाफिया और अवैध खनन करने वालों की संपत्ति जब्त करने के निर्देश दिए। बिजनौर जिले के गांवों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।