चिराग पासवान बोले, अपमानजनक सीट बंटवारा स्वीकार नहीं करेगी लोजपा
चिराग ने कहा, बिहार को लेकर राजग का सीटों का बंटवारा जल्द सामने आ जाएगा। लेकिन उनकी पार्टी 2014 की तुलना में कम सीटें स्वीकार नहीं करेगी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। बिहार में आधार वाले राजग के घटक दल लोजपा ने अब लोकसभा चुनाव को लेकर अपेक्षाओं के स्वर ऊंचे किए हैं। कहा, लोकसभा चुनाव में वह सीटों की अपमानजनक साझेदारी स्वीकार नहीं करेगी। गठबंधन के सबसे बड़े दल के रूप में भाजपा की जिम्मेदारी है कि वह साथी दलों के लिए गुंजाइश पैदा करे। यह बात बुधवार को लोजपा के 19 वें स्थापना दिवस समारोह में सांसद चिराग पासवान ने कही। चिराग पार्टी के संसदीय बोर्ड के चेयरमैन भी हैं।
चिराग ने कहा, बिहार को लेकर राजग का सीटों का बंटवारा जल्द सामने आ जाएगा। लेकिन उनकी पार्टी 2014 की तुलना में कम सीटें स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा अध्यक्ष ने सम्मानजनक समझौते की बात कही है। लेकिन लोजपा अपने लिए अपमानजनक समझौते को स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी के इस समय छह लोकसभा सदस्य हैं। इनमें पार्टी अध्यक्ष रामविलास पासवान केंद्र सरकार में मंत्री हैं।
2014 के लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 सीटों में से सात पर लोजपा ने चुनाव लड़ा था। इससे पहले बिहार में राजग में शामिल रालोसपा सीट बंटवारे को लेकर अपना असंतोष जाहिर कर चुकी है। पार्टी अध्यक्ष व केंद्र सरकार में मंत्री उपेंद्र कुशवाहा का इस बाबत बिहार के मुख्यमंत्री व जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार से वाक् युद्ध भी हुआ है। चिराग ने कहा, कुशवाहा का असंतोष उनकी समझ से बाहर है। वह सीट बंटवारे को लेकर जिस तरह से सार्वजनिक चर्चा कर रहे हैं, वह गलत है।
इस मौके पर लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा, पार्टी की ओर से चिराग ही सीटों के बंटवारे पर राजग में बात करेंगे। इस मामले में उनका फैसला लोजपा अध्यक्ष के निर्णय वाली हैसियत के समान होगा। उल्लेखनीय है कि बिहार में राजग के दो सबसे बड़े घटक- भाजपा और जदयू सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बना चुके हैं। दोनों ने बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इसके चलते लोजपा और रालोसपा अपनी सीटों में कटौती को लेकर सशंकित हो उठे हैं।