CAA पर भ्रम दूर करने गोरखपुर आएंगे शिवराज सिंह चौहान, CM योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे साथ Gorakhpur News
CAA को लेकर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के क्रम में गोरखपुर में 19 जनवरी को आयोजित रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह मौजूद रहेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के क्रम में गोरखपुर में 19 जनवरी को आयोजित रैली के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान मौजूद रहेंगे।
पंकज सिंह ने लिया तैयारियों का जायजा
रैली की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे पार्टी के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने इस बात की जानकारी देते हुए दावा किया कि गोरखपुर की रैली ऐतिहासिक होगी। इसमें भाजपा के संगठनात्मक क्षेत्र में शामिल गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के सभी जिलों के कार्यकर्ता और आम लोग भाग लेंगे। पंकज ने कहा कि सीएए पर भ्रम फैलाने वाले विपक्ष की सारी कोशिशें नाकाम हुई हैं। आंदोलन के नाम पर हुई ङ्क्षहसा की भी जनता कड़ी निंदा कर रही है। प्रदेश महामंत्री ने प्रदेश में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू किए जाने को सरकार का ऐतिहासिक फैसला बताया।
रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयार हुई रणनीति
रैली की सफल बनने के लिए मंगलवार को पार्टी के बेनीगंज कार्यालय पर एक बैठक आयोजित हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री और गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और कमियों को दूर करने के लिए जरूरी निर्देश दिए। कहा कि सीएए को लेकर विपक्ष की ओर से फैलाया जा रहा भ्रम टूटता जा रहा है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए देश को आग की भेंट चढ़ाना चाहते हैं, लेकिन जनता उनके मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी। सीएए को लेकर जागरूकता अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों को अभूतपूर्व सफलता मिली है। रैली की सफलता भी तय है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि रैली को लेकर कार्यकर्ता और नागरिक दोनों उत्साहित हैं। उन्होंने रैली को लेकर पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय की।
महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता और जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने रैली को लेकर चल रही तैयारी की जानकारी प्रदेश महामंत्री को दी। संचालन महामंत्री सहजानंद राय ने किया। इस दौरान महापौर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विधायक संत प्रसाद बेलदार, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, सत्या पांडेय, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्वजीताशु सिंह आशू आदि मौजूद रहे। बैठक के बाद पंकज ने आयोजन स्थल महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया और वहां चल रही तैयारी का जायजा लिया।