By-Election in UP: सीएम योगी विपक्षी दलों पर आक्रामक, कहा-अराजक तत्वों को देना होगा मुहंतोड़ जवाब
By-Election in UP फीरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के बूथ सेक्टर व मंडल स्तर के पदाधिकारियों से आनलाइन वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूती देने की बात कही। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को भी गिनाया।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के सिलसिले में कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दूसरे दिन भी विपक्षी दलों पर आक्रामक रहे। उन्होंने कहा कि कुछ अराजकतावादी लोगों को गत छह वर्षों से देश के भीतर बना विकास और सकारात्मकता का भाव सुहा नहीं रहा है। ऐसे लोग जातीय हिंसा और सांप्रदायिक उन्माद को बढ़ावा देने की साजिश रच रहे हैं। हमें अपने विकासपरक प्रयासों से ऐसे अराजक तत्वों को मुहंतोड़ जवाब देना होगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी विपक्ष की तुलना कीचड़ से करते हुए कहा कि कीचड़ में ही कमल खिलाना है।
सोमवार को फीरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के बूथ, सेक्टर व मंडल स्तर के पदाधिकारियों से आनलाइन वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूती देने की बात कही। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को भी गिनाया और गत छह वर्षों में लिए एतिहासिक निर्णयों को दोहराया। उन्होंने कहा कि अभूतपूर्व कोरोना संकट के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस तरह संकल्पित होकर जरूरतमंदों की सेवा की है वह एक मिसाल है। इससे आमजन में पार्टी व कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ा है। इसकी सराहना पूरी दुनिया कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनहित में जो काम किए हैं उनके बारे में भी बताएं। इसके लिए सोशल मीडिया का अधिकतम प्रयोग करें। इस बार बड़ी सभाएं नहीं होंगी इसलिए गहन जनसंपर्क होना चाहिए। केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनहित के जो कार्य किए, उन्हें जनता को बताना होगा। सीएम योगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी ताकत का विपक्ष को कराना होगा। सपा व बसपा को हर कोई जानता है। एक अराजकता तो दूसरी भ्रष्टाचार का पर्याय है और कांग्रेस के पास कोई कार्यकर्ता नहीं है, इसलिए किसी भी दल से कोई मुकाबला ही नहीं है।
विपक्षी कीचड़ की परवाह न करें : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वर्चुअल संवाद में बूथ स्तर पर योजना तैयार करके जनसंपर्क करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सिर्फ और सिर्फ कमल को देखें प्रत्याशी को नहीं। हर घर तक पहुंचे और वोट के दिन हर किसी का मतदान सुनिश्चत कराएं। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कीचड़ की चिंता न करें। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है कि कौन विकास के साथ खड़ा है और विनाश को प्रोत्साहित कर रहा है।