पैदल लौट रहे प्रवासी श्रमिकों को मास्क और चप्पल मुहैया करा रहे भाजपाई, दवाओं की भी व्यवस्था
कोरोना संकट में अपने घरों को वापसी कर रहे मजदूरों को परेशानी न होने देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 150 केंद्र व मार्गों को चिह्नित करके सेवा कार्य शुरू किए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना संकट में अपने घरों को वापसी कर रहे मजदूरों को परेशानी न होने देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 150 केंद्र व मार्गों को चिह्नित करके सेवा कार्य आरंभ किए हैं। घर लौटते श्रमिकों को भोजन, पानी और दवाएं आदि उपलब्ध कराने के साथ आवश्यकतानुसार पहनने के लिए चप्पलें भी मुहैया करायी जा रही हैं। संक्रमण के खतरे से बचने के लिए शारीरिक दूरी बनाए रखने की सलाह के साथ मास्क व सैनिटाइजर भी प्रदान किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि योगी सरकार प्रवासी श्रमिकों के लिए बेहतरीन प्रबंध कर रही है। इस बावत परिवहन विभाग का सहयोग भी सराहनीय है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक अपने परिजनों के साथ अन्य राज्यों से पैदल अथवा साइकिलों आदि निजी वाहनों से अपने घरों को लौट रहे हैं। सरकार के अलावा भाजपा कार्यकर्ता संकट की इस घड़ी में उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। रास्ते में उनकाे कोई कठिनाई न हो इसलिए सभी जिलाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में निगरानी करने को कहा गया है।
इस विशेष अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे महामंत्री संगठन सुनील बंसल का कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश है कि लाॅकडाउन की पाबंधियों का उल्लंघन न होने पाए। प्रशासन से समन्वय बनाकर ही राहत कार्य किए जाएं। कोरोना के खिलाफ जंग जीतने के लिए संक्रमण से स्वयं बचो और सबको बचाव के लिए प्रोत्साहित करो, मंत्र पर सेवा कार्य किए जाने चाहिए।
क्षेत्रवार भी हो रही निगरानी
मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि श्रमिकों के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की क्षेत्रवार नियमित समीक्षा भी की जा रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर काशी व गोरखपुर क्षेत्र, महामंत्री विजय बहादुर पाठक पश्चिम व ब्रज क्षेत्र तथा महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला अवध व कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारियों से नियमित संवाद कर अभियान पर नजर रखे है।
नड्डा ने दिए महापौरों को निर्देश
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को विभिन्न नगर निगमों के महापौरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा व राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में आबादी अधिक होने के कारण वहां संक्रमण से बचाव बड़ी चुनौती है। उन्हाेंने प्रवासी श्रमिकाें के अलावा अन्य राज्यों के छात्र-छात्राओं व एकल नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने देने की हिदायत दी।