Chhattisgarh में लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से 25 करोड़ चंदा जुटाएगी BJP
Chhattisgarh में समर्पण दिवस पर 11 फरवरी को चंदा अभियान की शुरुआत होगी।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए अब भाजपा कार्यकर्ताओं से चंदा लेगी। पार्टी 11 फरवरी को समर्पण दिवस पर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से चंदा लेने का अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी के आला नेताओं की मानें तो प्रदेश में 25 लाख सदस्यों से 25 करोड़ रुपये चंदा लेने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेता गौरीशंकर अग्रवाल, भीमसेन अग्रवाल, लीलाराम भोजवानी और छगन मूंदड़ा को प्रभारी बनाया है।
भाजपा समर्पण दिवस पर कार्यकर्ताओं से 100 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक चंदा लेगी। इन पैसे को लोकसभा चुनाव प्रचार और बूथ मैनेजमेंट पर पार्टी खर्च करेगी। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में भी यही फार्मूला अपनाया था। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने खुलकर चंदा दिया था।
बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने उस समय एक हजार रुपये का चंदा दिया था। दरअसल, नए नियम के अनुसार पार्टियां दो हजार रुपये तक कैश चंदा ले सकती है। इसके बाद चुनावी बांड देना पड़ेगा। अगर कोई पदाधिकारी या कार्यकर्ता दो हजार रुपये से ज्यादा चंदा देने को राजी होता है, तो उसे चुनावी बांड देना पड़ेगा।
आजीवन निधि में लेंगे एक हजार से दस हजार
भाजपा के वरिष्ठ नेता और समर्पण दिवस के सहप्रभारी छगन मूंदड़ा ने बताया कि पार्टी संस्थापक दीनदयान उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाती है। इसमें आजीवन सहयोग निधि का संकलन किया जाता है। पार्टी के आजीवन सदस्य एक हजार रुपये से दस हजार रुपये तक का दान पार्टी फंड में करते हैं। यह अभियान हर साल चलाया जाता है।
बूथ स्तर पर चलेगा अभियान
पार्टी ने समर्पण दिवस के कार्यक्रम को बूथ स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है। भाजपा नेताओं ने बताया कि इस अभियान में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं तक पहुंचा जाएगा। उन कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए चार्ज किया जाएगा। राज्य गठन के बाद प्रदेश में पहली बार भाजपा बिना सरकार के लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना सबसे बड़ी चुनौती है।