सिद्धारमैया सरकार को बाहर करना चाहते हैं लोग : अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने विधानसभा चुनाव में सिद्धारमैया सरकार को बाहर करने का मन बना लिया है।
मैसूर (एजेंसी)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर हमलावर हो रखी है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने विधानसभा चुनाव में सिद्धारमैया सरकार को बाहर करने का मन बना लिया है। राज्य में 12 मई को विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कई मोर्चों पर खास तौर से भ्रष्टाचार को लेकर लोग हताश हैं।
भाजपा अध्यक्ष शाह मैसूर, मांड्य और रामनगर जिलों के दौरे पर आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव में पुराने मैसूर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करेगी। पुराने मैसूर क्षेत्र में कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के बीच चुनावी मुकाबला है। पूर्व के विधानसभा चुनावों में भाजपा को इस क्षेत्र में एक भी सीट मिल पाई थी। मैसूर क्षेत्र में हासन, कामराजनगर, मैसूर, मांड्य और रामनगर आते हैं।
शाह ने कहा, 'कर्नाटक के लोगों ने सिद्धारमैया सरकार को बाहर निकालने का मन बना लिया है। लोग कई मोर्चे पर सरकार से दुखी हैं। भ्रष्टाचार का मुद्दा मुख्य मुद्दा होगा। भ्रष्टाचार और कांग्रेस का रिश्ता पानी और मछली के जैसा है। कर्नाटक सरकार कांग्रेस के लिए एक एटीएम की तरह है।' उन्होंने आरोप लगाया कि सिद्धारमैया सरकार ने भ्रष्टाचार को गति दी है। शाह ने कहा कि जदएस सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। इसका कारण यह है कि वह कुछ ही सीटें जीत सकती है और भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो कांग्रेस को पराजित कर सकती है।