CAA पर विपक्ष के खिलाफ आक्रामक पलटवार की तैयारी में भाजपा, सच बताने एक लाख गांवों में पहुंचेंगे कार्यकर्ता
भाजपा ने सीएए को लेकर जनजागरण अभियान की रूपरेखा तय की। एक लाख गांवों में पहुंचने और 50 लाख परिवारों से संपर्क साध कर विपक्ष के झूठ को उजागर करने का निर्णय लिया गया।
लखनऊ, जेएनएन। नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) 2019 को लेकर भाजपा आक्रामक तेवरों के साथ विपक्ष के दुष्प्रचार पर पलटवार करेगी। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यशाला में 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक चलने वाले जनजागरण अभियान की रूपरेखा तय की गई। एक लाख गांवों में पहुंचने और 50 लाख परिवारों से संपर्क साध कर विपक्ष के झूठ को उजागर करने का निर्णय लिया गया। इस मुहिम में सभी अनुषांगिक संगठनों के साथ जनप्रतिनिधि भी लगेंगे। सभी छह क्षेत्रों में वृहद जनसभाएं होंगी और जिलों में पैदल मार्च निकाले जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल की मौजूदगी में करीब तीन घंटे चली बैठक में क्षेत्रीय व जिलों के प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल थे। बैठक में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर चिंता जताते हुए झूठ का पर्दाफाश करने का फैसला लिया गया। स्वतंत्र देव ने कहा कि विपक्ष वोटों की खातिर मुस्लिमों को गुमराह कर रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता को दुष्प्रचार का मजबूती से जवाब देना होगा।
जिला व मंडलों में बैठकें 26 से
प्रदेश महामंत्री संगठन ने अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि 26, 27 व 28 दिसंबर को जिलों और 30 व 31 दिसंबर को मंडल स्तर पर बैठकें होंगी। 29 और 30 दिसंबर को जिलों में पत्रकार वार्ता कर के स्थिति स्पष्ट की जाएगी कि नया कानून नागरिकता देने के लिए बना है लेने के लिए नहीं। इसके बाद एक से पांच जनवरी तक संपर्क अभियान चलेगा। प्रदेश में लगभग एक लाख गांवों तक पहुंचने का संकल्प लेने के साथ 50 लाख से अधिक परिवारों में संपर्क किया जाएगा। बंसल ने बताया कि छह से 15 जनवरी के मध्य में रैलियां निकाली जाएगी और जनसभाएं भी होगी। सभी छह क्षेत्रों में जनसभाएं होंगी।
विशिष्ठ व प्रबुद्धजनों को भी साथ लेंगे
अभियान के प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि संपर्क अभियान में मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी समाज के विशिष्ठ जनों व प्रबुद्ध वर्ग जैसे डॉक्टर, अधिवक्ता, प्रोफेसर, अध्यापक, सेवानिवृत अधिकारियों सहित अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों से संपर्क कर नागरिकता संशोधन अधिनियम के सच को बतायेंगे। माहौल बिगाड़ने की साजिश को नाकाम करने में मदद की अपील करेंगे।
जागरूकता स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकलेंगी पदयात्राएं
अभियान के प्रभारी गोविंद नारायण ने बताया कि जिलों में गोष्ठियों के अलावा पदयात्राएं होंगी, जिनमें नागरिकता कानून की सच्चाई बताने वाले स्लोगन लिखे बैनर व तख्तियां लेकर कार्यकर्ता चलेंगे। पदयात्रा में सभी वर्गों को भी शामिल किया जाएगा। सोशल मीडिया के जरिये भी जनता तक नागरिकता संशोधन अधिनियम -2019 के प्रावधानों को पहुंचाया जाएगा।
नियमित होगी निगरानी
जागरण अभियान सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय व प्रदेश स्तर पर नियमित निगरानी होगी। प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन क्षेत्रवार समीक्षा करेंगे।