यूपी में उपचुनाव के लिए बीजेपी संगठन व सरकार ने कसी कमर, प्रभारी मंत्रियों संग जुटेंगे वरिष्ठ मंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव वाले आठ जिलों के प्रभारी मंत्रियों के अलावा प्रमुख मंत्रियों के साथ बैठक में तैयारी के साथ राजनीतिक हालात की समीक्षा की।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में आठ विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी संगठन के साथ सरकार ने भी कमर कस ली है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों के अलावा प्रमुख मंत्रियों के साथ बैठक में तैयारी के साथ राजनीतिक हालात की समीक्षा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में उपचुनाव वाले क्षेत्रों में निरंतर संवाद व संपर्क बनाए रखने के साथ स्थानीय अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। दोनों उपमुख्यमंत्रियों डॉ दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संगठन से बेहतर तालमेल बनाकर चुनावी तैयारियां होनी चाहिए। समाज के सभी वर्गाें को जोड़कर काम किया जाए। उनका कहना था कि माहौल भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है और विपक्ष का बिखराव व कमजोरी उपचुनाव जीतने में सहायक होगी। अनुकूल वातावरण का लाभ लेकर सभी आठों सीट पर भाजपा का परचम फहराना होगा।
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन मजबूत करने का कार्य निरंतर जारी है। बूथ जीता तो चुनाव जीता फार्मूले पर लॉकडाउन की अवधि से काम जारी है। डिजिटल माध्यमों से संपर्क व संवाद भी लगातार बनाए रखा जा रहा है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में जिन आठ सीटों पर उपचुनाव प्रस्तावित है, उसमें रामपुर जिले में स्वार, जौनपुर में मल्हनी, कानपुर में घाटमपुर, बुलंदशहर में बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद में टूंडला, अमरोहा में नौगावां सादात, देवरिया में देवरिया सदर व उन्नाव में बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र शामिल है।
सूत्रों का कहना है कि कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन से रिक्त अमरोहा जिले की नौगावां सादात सीट पर चौधरी लक्ष्मीनारायण के साथ बलदेव औलख को भी लगाया गया है। बुलंदशहर में प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया के साथ सुरेश राणा और कपिल देव अग्रवाल भी रहेंगे। रामपुर की स्वार सीट पर मंत्री बृजेश पाठक के साथ विजय कश्यप भी रहेंगे। फीरोजाबाद की टूंडला सीट पर दिनेश शर्मा, घाटमपुर में केशव प्रसाद मौर्य व नीलिमा कटियार, देवरिया में सतीश द्विवेदी और सूर्यप्रताप शाही, जौनपुर की मल्हनी सीट पर अनिल राजभर तथा उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर डा् महेंद्र ङ्क्षसह व सुरेश पासी को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।